गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड में अपना रिकॉर्ड तोड़ेंगे मनन
कर्ण चंदेल, बिलासपुर
महज पंद्रह साल की उम्र में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाने वाले बिलासपुर के मनन एक बार फिर अपना रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी में हैं। एक मिनट में 108 बार कत्थक में घूमने का रिकॉर्ड बनाने वाले मनन तीसरी बार भी इससे बेहतर करने की तैयारी में हैं। पहले 108 और दूसरी बार 112 और अब इससे भी अधिक घूमने के रिकॉर्ड को बनाने की तैयारियों में जुटे हैं।
मनन ने कुछ समय पहले कोलकाता की चिरासी का एक मिनट में 107 बार घूमने का रिकार्ड को तोड़ा था। इस उपलब्धि को हासिल करने पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड वालों ने उन्हें इस वीडियो को अपनी साइट में डालकर सर्टिफिकेट प्रदान किया था लेकिन अब उन्होंने अपना 108 बार घूमने का रिकोर्ड तोड़ा है। मनन एक मिनट में अब 112 बार कत्थक में घूमने का रिकार्ड बना चुके हैं। इसका वीडियो भी उन्होंने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की वेबसाइट पर डाल दिया है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड ने उनका यह वीडियो वेबसाइट में अपलोड कर दिया है लेकिन अभी इसका सर्टिफिकेट उन्हें प्राप्त नही हुआ है।
मनन संख्यान ने बताया कि अब वह अपना 112 बार घूमने को रिकॉर्ड भी जल्द तोड़ने जा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने तैयारी शुरू कर दी है। अगले दो-तीन माह में वह इस उपलब्धि को हासिल कर लेंगे।
वहीं, सामाजिक संस्था व्यास नगर समिति, श्रीराम नाटक समिति, व्यास सेवा समिति, महर्षि वेद व्यास रक्तदान समिति, बाबा बंगाली सेवा समिति, कांवड़ संघ, दुर्गा मंदिर समिति और समर्पण सामाजिक संस्था ने मनन संख्यान को इस गौरव को हासिल करने पर बधाई दी है। व्यास नगर समिति के अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप, महर्षि वेद व्यास रक्तदान समिति के प्रधान कर्ण सिंह, श्री राम नाटक समिति के प्रधान अविनाश कपूर और समर्पण समाजिक संस्था के प्रधान राज वर्मा व अन्य पदाधिकारियों ने कहा है कि मनन का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज होना बिलासपुर के लिए गौरव की बात है।