पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ खोला मोर्चा
संवाद सूत्र, शाहतलाई : नगर पंचायत शाहतलाई के तहत वार्ड नंबर चार के पार्षद विजय शर्मा व छह के पार्षद राजकुमार चौधरी ने नगर पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के कार्यो पर सवालिया निशान लगाया है। पार्षदों ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष द्वारा करवाए जा रहे कार्यो में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में वार्ड नंबर चार अहम माना जाता है पर वार्ड में सड़कों की निकासी नालियों की हालत दयनीय बनी हुई है। इसी वार्ड के तहत बाजार मंदिर भी आता है। लोग बाबा बालक नाथ के दर्शन के लिए इसी वार्ड से होकर जाते हैं लेकिन सुविधाओं के अभाव में उन्हें दिक्कतें आ रही हैं। वार्ड नंबर दो में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हुई हैं। आरोप है कि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष कार्यो को घरों के नजदीक करवा रहे हैं। इस मौके पर उनके साथ नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष बृजलाल भी मौजूद रहे। उधर, इस बाबत अध्यक्ष सरोज धीमान व उपाध्यक्ष पवन कौशल का कहना है कि वे बिना किसी भेदभाव के हर वार्ड का कार्य करवा रहे है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक षड्यंत्र के तहत ये आरोप लगाए जा रहे हैं।