लोगों को मोदी पर विश्वास नहीं : वीरभद्र
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में भाजपा लुप्त हो गई है और सिर्फ अब मोदी ही रह गया है। भाजपा की हालत भीतर से ऐसी हो गई है जैसे इसके हजार टुकड़े हो गए हों। सिर्फ भाजपा के ही नहीं बल्कि मोदीमय वातावरण से भाजपा के कई दिग्गज नेताओं के दिलों के भी टुकड़े हो गए हैं। जिन वाजपेयी ने भाजपा को देश के भीतर पहचान दी है उन्हें भी मोदी को प्रोजेक्ट करने में जुटी एक खास लॉबी ने भुला दिया है। वीरभद्र सिंह ने सवाल किया कि भाजपा में भीष्म पितामह कहे जाने वाले आडवाणी व उनके ही जैसे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को क्यों किनारे कर दिया गया है?
बिलासपुर सदर हलके के कंदरौर में जनसभा को संबोधित करते हुए वीरभद्र सिंह ने कहा कि मोदी की सबसे बड़ी कमी देश के सभी धर्मो व संप्रदायों के लोगों के उन पर विश्वास की कमी। मोदी के ही कार्यकाल में गोधरा कांड हुआ जिसके बाद लोगों के दिलों में बैठा हुआ डर स्थायी घर बना चुका है। देश के मुसलमानों को मोदी पर बिलकुल भी विश्वास नहीं है। मुसलमानों को अल्पसंख्यक कहने वाली भाजपा को शायद यह पता नहीं कि यह देश का दूसरी सबसे बड़ा वर्ग बनकर उभर चुका है।
उन्होंने कहा कि धूमल अपने बेटे के भविष्य की चिंता में इतने डूब गए हैं कि कुछ भी बोलने लगे हैं। धूमल हमीरपुर को अपना किला कहा करते थे लेकिन आज उन्होंने अपने ही लोगों का विश्वास खो दिया है। जनता के साथ-साथ धूमल ने अपने करीबी लोगों का भी विश्वास खो दिया है। यही कारण है कि आज धूमल को हमीरपुर जिले में ही अपने बेटे का भविष्य सुरक्षित करने के लिए दिन रात एक करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एचपीसीए से सिर्फ धूमल व उसके परिवार को लोगों ने लाभ लिया। यहां तक कि हिमाचल के नाम से अन्य राज्यों के खिलाड़ियों को खेलने का मौका दिया गया और इस मामले में लाखों का लेन देन हुआ करता था। कुल तीन मामले राज्य सरकार ने ऐसे पकड़े हैं जिनमें स्पष्ट हुआ है कि किस तरह से धूमल सरकार के कार्यकाल में सरकार का फायदा उठाते हुए अन्य राज्यों के खिलाड़ियों को हिमाचल के फर्जी प्रमाण पत्र दिए गए। इस मौके पर संतोष धीमान, प्रताप कौंडल, विधायक बंबर ठाकुर, तिलक राज शर्मा, बाबू राम गौतम, भूपेंद्र सिंह, अनिल मिंटू, पवना शर्मा, चंदन चंदेल, छौंकी राम, अंजना धीमान आदि भी मौजूद थे।