सेहत के लिए ये हैं शानदार सुझाव
आधुनिक युग की रफ्तार बहुत तेज है। इस रफ्तार के साथ बने रहने के लिए हमें अपने स्वास्थ्य को भी उतना ही मजबूत बनाना होगा, अन्यथा इस रफ्तार से भरी दुनिया में हम पीछे रह जाएंगे।
- सुबह का वक्त व्यायाम, ध्यान व योग के लिए सर्वाधिक उपयुक्त होता है। इसलिए हमें इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए।
- व्यायाम, ध्यान, योगासन व प्राणायाम करते वक्त ढीले कपड़े पहनने चाहिए, जो हमारे शरीर को आराम दें और जो पसीने को अच्छी तरह से सोखें।
- शारीरिक व्यायाम के बीच एक-दो घूंट पानी जरूर पीते रहना चाहिए। ऐसा करने से शरीर में पसीने द्वारा निकले पानी की कमी पूरी होती है।
- व्यायाम करने के बाद भोजन में हमें अधिक मात्रा में प्रोटीन व कार्बोहाइड्रेट्स युक्त खाद्य पदार्थ लेने चाहिए।
- व्यायाम से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि शरीर में एन्डोर्फिन (यह हार्मोन मूड को खुशमिजाज बनाता है) भी अधिक स्रावित होता है।
- व्यायाम में परिवर्तन करते रहें। जैसे एक दिन योगासन करें तो अगले दिन जिम जाएं और फिर उसके अगले दिन एरोबिक्स करें। ऐसे परिवर्तन से आप नयापन महसूस करेंगे।
- प्रत्येक दिन व्यायाम करने से पहले यह जरूर सोचें कि अमुक व्यायाम का हमारे स्वास्थ्य व शरीर के लिए कितना महत्व है।
- अपने दिन की शुरुआत एक गिलास गुनगुने पानी के साथ करनी चाहिए। चाहें तो इसमें शहद व नींबू मिला सकते हैं।
- भोजन को तीन बार भरपेट खाने की जगह थोड़ी-थोड़ी देर में कम मात्रा में कई बार आहार ग्रहण करना चाहिए। ऐसा करने से पाचन तंत्र पर ज्यादा जोर नहीं पड़ता।
- विटामिन-सी शरीर में आयरन के अवशोषण को बढ़ाता है। नाश्ते व भोजन के साथ कॉफी और चाय पीने से आयरन के अवशोषण की प्रक्रिया में 50-65 प्रतिशत तक कमी आ जाती है। इसलिए हमें भोजन के साथ चायकॉफी का सेवन नहीं करना चाहिए।
- ओमेगा-3 फैट (जो मुख्य रूप से मछलियों-सैलमन, मैकेरल और सैरडाइन) में पाया जाता है) के सेवन से मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य पर बहुत अच्छा प्रभाव पड़ता है। ’ 50 वर्ष की उम्र पार कर चुके लोगों को प्रतिदिन 1200 मिलीग्राम कैल्शियम और 800-1000 यूनिट विटामिन-डी की खुराक लेनी चाहिए। ऐसा करने से ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डियों को खोखला बनाने वाला रोग) से बचाव होता है।
- मोटापा कम करने के लिए सही व संतुलित भोजन लेना जरूरी है, न कि डाइटिंग या उपवास करना।
- अच्छी सेहत के लिए सात से आठ घंटे की अच्छी नींद जरूरी है।
सलिल सिंह रावत
फिटनेस इंस्ट्रक्टर, दि दून स्कूल, देहरादून
यह भी पढ़ें: डिप्रेशन से निपटने के लिए ये ऐप्स भी हैं मददगार