मेनिनजाइटिस से बचाता है स्तनपान
ताजा अध्ययन के मुताबिक मां के दूध में पाया जाने वाला विशेष तरह का शुगर ग्रुप बी स्ट्रेप्टोकोक्कस नामक बैक्टीरिया से बचाता है।
लंदन, प्रेट्र। स्तनपान बच्चों को कई तरह के संक्रमण से बचाता है। ब्रिटिश वैज्ञानिकों ने इसका एक और फायदा ढूंढ़़ निकाला है। ताजा अध्ययन के मुताबिक मां के दूध में पाया जाने वाला विशेष तरह का शुगर ग्रुप बी स्ट्रेप्टोकोक्कस नामक बैक्टीरिया से बचाता है। इसके कारण शिशु मेनिनजाइटिस जैसी घातक बीमारी से संक्रमित हो जाते हैं। इंपीरियल कॉलेज ऑफ लंदन के शोधकर्ताओं ने जांबिया की महिलाओं पर इसका परीक्षण किया है। उनका कहना है कि मां का दूध अनेक तरह के शुगर का मिश्रण होता है। इसे ओलिगोसैक्राइड्स कहते हैं। यह महिलाओं की अनुवांशिक स्थिति पर भी निर्भर करता है, जिसे लुइस एंटीजन सिस्टम कहते हैं। यह शुगर की उपस्थिति को निर्धारित करने में अहम भूमिका निभाता है। विशेषज्ञों ने हानिकारक बैक्टीरिया की उपस्थिति का पता लगाने के लिए शिशुओं का जन्म के छह, 60 और 89 दिन बाद जांच की थी। उन्होंने पाया कि जिस मां के दूध में विशेष तरह का शुगर था, उनके संतान में घातक जीवाणु से संक्रमित होने का खतरा बहुत कम था।
READ: अंगूठा चूसने वाले बच्चों में कम होती है एलर्जी की संभावना -स्टडी