यमुना में डूबे प्रदीप का दूसरे दिन भी पता नहीं चला
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : गंगा दशहरा के अवसर पर यमुना नदी में डूबे प्रदीप उर्फ ठाकुर का दूसरे द
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
गंगा दशहरा के अवसर पर यमुना नदी में डूबे प्रदीप उर्फ ठाकुर का दूसरे दिन भी कुछ पता नहीं चला। उत्तर प्रदेश के गोताखोरों द्वारा उसकी काफी तलाश की गई लेकिन उसके बारे में कुछ पता नहीं चला। परिजन यमुना नदी किनारे टकटकी लगाए बैठे हैं की शायद उसके बारे में कुछ पता चल जाए।
ध्यान रहे बृहस्पतिवार शाम गंगा दशहरा पूजन के बाद नहाते वक्त तीन चचेरे भाई यमुना नदी में उत्तर प्रदेश की सीमा में डूब गए थे। जिनमें से दो के शव गोताखोरों ने खोज लिए थे लेकिन प्रदीप के बारे में कुछ पता नहीं चला। विनोद व संजू के शव मिलने के बाद उनके परिवार में माहौल गमगीन है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवा शनिवार को उन्हें सौंप दिया गया। उनके अंतिम संस्कार में काफी संख्या में लोग शामिल हुए। वहीं 30 वर्षीय प्रदीप उर्फ ठाकुर का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदीप को तलाशने के लिए गोताखोर लगाए गए हैं। इसके अलावा नाव भी नदी में उतारी गई है। इसके बावजूद अभी तक प्रदीप का कुछ पता नहीं चला। उत्तर प्रदेश पुलिस का कहना है कि नदी में डूबे किसी व्यक्ति का शव 72 घंटे बाद पानी के ऊपर आता है।