महापंचायत का फैसला, गांव में नहीं घुसने देंगे
जागरण संवाद केंद्र, यमुनानगर : धार्मिक उन्माद की लपटें यमुनानगर में भी महसूस की जा रही हैं। एक मुस्लिम लड़के पर रतनपुरा गांव की एक हिन्दू लड़की को अगवा करने का आरोप है। इस संबंध में मंगलवार देर शाम यमुनानगर से सटे इस गांव में एक महापंचायत हुई। उसमें फैसला लिया गया कि भविष्य में गांव में किसी भी मुस्लिम को घुसने नहीं दिया जाएगा।
महापंचायत गांव के नंबरदार रतन सिंह की अध्यक्षता में गांव के शिव मंदिर में हुई। लगभग दो घंटे चली महापंचायत में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया कि गांव में कभी भी किसी मुस्लिम को नहीं घुसने दिया जाएगा, ताकि भविष्य में हिन्दुओं की लड़कियों को अगवा करने जैसी घटनाओं का दोहराव न हो। शहर से सटे गांव में इतनी बड़ी महापंचायत हुई, लेकिन प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। इस घटना से गांव के लोगों में खासा रोष है। महापंचायत में गांव के रणधीर सिंह, लाभ सिंह, श्रवण कुमार, जसमेर सिंह, कर्मचंद, धर्मेद्र, बिशनलाल, शिवचरण, परमपाल सिंह, सुरेश आदि उपस्थित थे।
क्या है मामला
जानकारी अनुसार गांव की एक हिंदू लड़की कई दिन से लापता है। गांव के लोगों का आरोप है कि लड़की को एक मुस्लिम लड़के ने अगवा किया है, जो पेशे से ड्राइवर बताया जाता है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर