घर से बुलाकर युवक की हत्या
फोटो: 16
- गोली मारने के बाद चाकू से भी किया गया हमला
- गांव देवडू के पास खेतों में पड़ा मिला शव
जागरण संवाददाता, सोनीपत
गांव जाहरी के एक युवक की घर से बुलाकर नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई। मृतक का नाम सुनील (27) है। हत्यारों ने गोली मारकर घायल करने के बाद चाकू से भी उसके ऊपर हमला किया था। बुधवार सुबह युवक का शव गांव देवडू के समीप खेतों में पड़ा मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने गांव के दो युवकों पर वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया है। वह दोनों फरार हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुनील पेशे से कैंटर चालक था। परिजनों के साथ वह गांव में रहता था। मंगलवार की शाम गांव के निवासी अजीत और संजू सुनील से मिलने उसके घर आए थे। दोनों ने किसी काम से सुनील को अपने साथ में चलने के लिए कहा। सुनील ने घरवालों से कहा कि वह कुछ देर आ रहा है। वह उन दोनों के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर चला गया। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने उसे आसपास तलाश भी किया मगर कोई सफलता नहीं मिली।
बुधवार सुबह गांव देवडू के ग्रामीणों ने कामी बाइपास के समीप खेत में एक शव पड़ा देखा। कुछ ही देर में वहां पर भीड़ जुट गई। मामले की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच की तो पता चला पेट में गोली मारने के साथ युवक के सीने पर चाकू से हमला किया गया था। इलाके के लोगों से हुई जांच पड़ताल के बाद पता चला शव गांव जाहरी निवासी सुनील का है। सूचना मिलते ही सुनील के परिजन भी दौड़कर मौके पर पहुंच गए।
सुनील के पिता महेंद्र ने पुलिस से कहा कि उनके बेटे को ले जाने वाले अजीत व संजू ने ही उसकी हत्या की है। अजीत भी पेशे से कैंटर चालक है। दोनों आरोपी घरों से फरार हैं। पुलिस टीम उनकी तलाश कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामला रंजिश का लग रहा है।
हत्यारों को डर था कहीं बच न जाए
पोस्टमार्टम में पता चला है कि सुनील के पेट में लगी हुई गोली आरपार हो गई थी। उसके सीने पर भी चाकू से वार किए गए थे। पुलिस के अनुसार हत्यारे किसी कीमत पर भी सुनील को जिंदा छोड़ना नहीं चाहते थे। यही वजह है कि गोली मारने के बाद उस पर चाकू से हमला किया गया। उधर, सुनील के परिजनों का घटना के बाद बुरा हाल है। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि आखिर सुनील की हत्या क्यों हुई?
जल्द हो जाएगा खुलासा
गोली मारने के बाद चाकू से हमला कर युवक की हत्या की गई है। आरोप गांव के ही दो युवकों पर है। दोनों फरार हैं। जल्दी ही उन्हें दबोच लिया जाएगा। आरोपियों से पूछताछ के बाद ही हत्या की वजह स्पष्ट हो पाएगी।
जसमेर सिंह,जांच अधिकारी
----