सीएम आगमन पर शहर चमकाया, वेतन आज तक नहीं मिला
संवाद सहयोगी, डबवाली: सीएम मनोहर लाल के आगमन पर शहर को चमकाने वाले 27 अस्थाई कर्मचारियों को उनकी प
संवाद सहयोगी, डबवाली:
सीएम मनोहर लाल के आगमन पर शहर को चमकाने वाले 27 अस्थाई कर्मचारियों को उनकी पगार नहीं मिली है। दो माह से अधिक समय बीतने के बाद कर्मचारियों का धैर्य सोमवार को जवाब दे गया। कर्मचारियों ने नगरपरिषद कार्यालय में नारेबाजी करके प्रदर्शन किया। बाद में उपमंडलाधीश को ज्ञापन सौंपकर मजदूरी दिलाए जाने की मांग की।
17 दिसंबर 2016 को सीएम मनोहर लाल ने विकास रैली में शिरकत की थी। कर्मचारियों का टोटा झेल रही नगरपरिषद ने शहर को चकाचक रखने के लिए महज पांच दिनों के लिए 27 सफाई कर्मचारियों को रखा था। जिसे डीसी रेट पर वेतन मिलना था लेकिन आज तक वेतन नहीं मिला है। हालांकि 9 फरवरी 2017 को हाऊस की बैठक में उपरोक्त कर्मचारियों को डीसी रेट पर 47 हजार 500 रुपये वेतन के रूप में देने का प्रस्ताव पारित हुआ था लेकिन यह महज कागजों में सिमटकर रह गया। कर्मचारी ¨रकू पुहाल, बनवारी लाल, श्याम लाल, सुनील कुमार, अनूप कुमार, विक्रम, अमित, विजय कुमार, गौरव, विशाल, सोनू, संदीप ने एसडीएम को दिए मांग पत्र में बताया है कि नप की चेयरपर्सन सुमन जोइया ने 13 दिसंबर को अस्थाई तौर पर बतौर सफाई कर्मचारी रखा था। उनसे मुख्यमंत्री की रैली तक सफाई का कार्य करवाया। उसके बाद उन्होंने सभी कर्मचारियों को हटा दिया। वे बार-बार नगर परिषद कार्यालय के चक्कर काट रहे है लेकिन उन्हें वेतन नहीं मिला। अस्थाई कर्मचारियों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम संगीता तेत्रवाल ने नगरपरिषद के सचिव कुलदीप मलिक को सफाई कर्मचारियों को बकाया वेतन देने के आदेश दिए।