गली कहीं और की बना दी कहीं और
जागरण संवाददाता, सिरसा : सिरसा के चत्तरगढ़पट्टी क्षेत्र में बिना अनुमति के ही कई गलियों का निर्माण क
जागरण संवाददाता, सिरसा : सिरसा के चत्तरगढ़पट्टी क्षेत्र में बिना अनुमति के ही कई गलियों का निर्माण करवाया गया है। इनकी न ही स्वीकृति विभाग से ली गई है और न ही प्रस्ताव ही पास किया गया है। नतीजतन सरकारी खाते से लाखों रुपये की हेराफेरी करने का मामला सामाने आ रहा है।
गौरतलब है कि जेजे कॉलोनी में विधानसभा चुनाव के समय कई गलियों का निर्माण शुरू किया गया था। ताज्जुब की बात यह है कि तीन माह के अंदर ही इसका निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया। इसमें से ढाणी जगीर सिंह को जाने वाली सड़क भी एक है। वार्ड नंबर 26 के जेजे कालोनी में ढाणी जगीर सिंह वाली गली का निर्माण ठेकेदार द्वारा करवाया गया था। इसके साथ ही अन्य गलियों का भी निर्माण करवाया गया है। बताया जा रहा है कि चत्तरगढ़पट्टी में इस समयांतराल के दौरान करवाई गई गलियों में भारी अनियमितता बरती गई। बिना टेंडर के लिए निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। जबकि नियमावली के अनुसार किसी भी गली के निर्माण से पूर्व अनुमति लेना जरूरी है। टेडर, एस्टीमेट, स्वीकृति व प्रस्ताव एक प्रक्रिया है, जिसे पूरा करना जरूरी है। लेकिन इन गलियों में ऐसा कुछ नहीं किया गया। मजेदार बात तो यह है कि विभाग ने इसकी स्वीकृति भी नहीं दी। इसके निर्माण में कितनी मात्रा में ईटे, रेता, बजरी का प्रयोग किया गया। अर्थ वर्क में कितनी मिट्टी इस्तेमाल की गई। किस दर्जे की इटरलॉक टाइलें प्रयोग की गई। नगर परिषद् के अधिकारी को इसकी भी जानकारी नहीं है। बताया जा रहा है कि विधान सभा चुनाव के समय वोटरों को रिझाने के लिए कुछ राजनीतिक पार्टियों के लोगों ने गलियों का निर्माण करवाया था। जिसपर बैक डोर से अनुमति लेने की प्रक्रिया चल रही है। यानी अब इसकी अनुमति ली जा रही है।
आरटीआई में हुआ खुलासा
वार्ड नंबर 26 के जेजे कॉलोनी में ढाणी जगीर सिंह वाली गली निर्माण कार्य का खुलासा आरटीआई से हो चुका है। आरटीआई कार्यकर्ता मुख्तयार सिंह ने आरटीआई के माध्यम स जानकारी मांगी थी। जिसमें यह खुलासा हुआ कि ढाणी जगीर सिंह को जाने वाली गली की अनुमति नगर परिषद की ओर से नहीं दी गई थी।
ढाणी जगीर सिंह को जाने वाली गली बनाने की अनुमति नहीं दी गई है। अगर इस प्रकार का मामला सामने आता है तो जाच की जाएगी।
-बीएन भारती, ईओ,नप।