पहले पत्नी को आग लगाई, फिर सालों पर हमला किया
जागरण संवाददाता, सिरसा : गांव बचेर में झगड़े के बाद एक पति ने पत्नी को आग के हवाले करने की कोशिश की जब उसके सालों ने आग बुझाने की कोशिश की तो जीजा ने उनपर भी धारदार हथियार से हमला बोल दिया। अस्पताल में दाखिल गांव मुसाहिबवाला निवासी शंकर व सुखदेव ने बताया कि उनकी बहन की शादी गांव बचेर में हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका जीजा उनकी बहन के साथ मारपीट करता है। दोनों घायलों ने बताया कि इस बात को लेकर वह समझौता कराने अपनी बहन के घर आए थे। आरोप है कि उनके जीजा ने पहले तो उसकी बहन को आग लगा दी। इस दौरान उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया तो जीजा ने उन पर भी तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। दोनों घायलों को सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस घायलों के बयान दर्ज करने नहीं पहुंची थी।
प्लॉट को लेकर झगड़ा, भाई-बहन घायल
सरकूलर रोड पर प्लॉट को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े में एक पक्ष के भाई-बहन घायल हो गए। घायलों को सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सामान्य अस्तपाल में दाखिल विजय और उसकी बहन निर्मल ने बताया कि उनके पास कुछ जगह पड़ी है, जिसे उसकी बुआ व उसके लड़के कब्जाना चाहते है। विजय ने बताया कि इससे पूर्व भी वे कई बार झगड़ा कर चुके है। विजय ने बताया कि शुक्रवार सायं उसकी बहन यहा आई हुई थी। सायं करीब पाच बजे उसकी बुआ व उसके तीन लड़कों ने अचानक घर में आकर उनपर हमला कर दिया। आरोप है कि बुआ के लड़कों ने लोहे की रॉड उसके सिर में दे मारी, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर गया। जब उसकी बहन उसे छुड़ाने आई तो उन्होंने उसके कपड़े फाड़ दिए और उसके साथ भी मारपीट की। आसपास के लोगों ने आकर उन्हे छुड़वाया।