नमो देव्यै-महा देव्यै :: भूमिका शर्मा ने कला सहित अनेक क्षेत्र में जमाई प्रतिभा की धाक
जागरण संवाददाता, रोहतक : अनेक लोग ऐसे होते हैं जो केवल एक क्षेत्र विशेष तक ही खुद को
जागरण संवाददाता, रोहतक :
अनेक लोग ऐसे होते हैं जो केवल एक क्षेत्र विशेष तक ही खुद को सीमित रखते हैं लेकिन बहुत से लोग ऐसे भी होते हैं जो हर क्षेत्र में अपनी कुशलता का प्रदर्शन करते हुए छा जाते हैं। रोहतक की भूमिका शर्मा ऐसी ही शख्स हैं, जिन्होंने एक से अधिक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा की धाक जमाई है। चाहे शिक्षा भाषण प्रतियोगिता हो या फिर वाद विवाद मुकाबला, हर क्षेत्र में भूमिका ने अपनी काबिलियत के झंडे गाडे हैं। मूल रूप से सोनीपत के गांव बरसाना कला में जन्मी भूमिका की संस्कृत भाषा में विशेष रुचि रही है। इसके अलावा ¨हदी और अंग्रेजी भाषा पर भी उनकी अच्छी खासी पकड़ है। हरिद्वार में आयोजित संस्कृति ज्ञान परीक्षा में वे तीसरे स्थान पर रही थी। वर्ष 2004 से 2006 तक तीन साल गोहाना में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में उन्होंने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं हरियाणा राज्य सहकारी विकास परिषद की ओर से आयोजित भाषण प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी कारण उनको सर्वोत्तम वक्ता का खिताब भी दिया जा चुका है। मदवि से भौतिकी विज्ञान में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त करने वाली भूमिका साहित्यिक गतिविधियों में भी अग्रणी रहती हैं। वर्ष 2013 में हुए जोनल युवा समारोह में सिंपोजियम में उन्होंने प्रथम स्थान जीता। हाल ही में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में हुइ इंटर जोनल युवा समारोह में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं वर्ष 2014 में हुई वाद विवाद प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 2014 में ही इंटर जोनल भाषण मुकाबले में उन्होंने प्रथम स्थान जीत कर नाम रोशन किया। जनवरी 2015 में जम्मू में हुई अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के वाद विवाद मुकाबले में उन्होंने प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सिल्वर मेडल हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया। इसके अलावा भी उन्होंने अनेक प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज किया है।