डॉक्टर को हत्या की धमकी दे लूटपाट
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहर के भिवानी रोड स्थित संतनगर निवासी एक डॉक्टर के साथ बाइक सवार दो युवकों
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहर के भिवानी रोड स्थित संतनगर निवासी एक डॉक्टर के साथ बाइक सवार दो युवकों ने रविवार की देर शाम लूटपाट कर ली। युवकों ने डॉक्टर को हत्या की धमकी का भय दिखाकर लूटपाट की है। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। जिस समय डॉक्टर के साथ लूटपाट हुई, उस समय वह एक सांस्कृतिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
संतनगर निवासी डॉक्टर शैलेंद्र गोयल ने बताया कि शनिवार को वह भिवानी रोड पर स्थित एक फार्म में हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गए थे। वह शनिवार की देर शाम वहां से अपने घर लौट रहे थे। जिस समय वह भिवानी रोड पर ही कुछ दूर पैदल चले तो पीछे से दो युवक बाइक पर आए और उन्होंने डॉक्टर को रोक लिया। इसके बाद डॉक्टर के साथ मारपीट शुरू कर दी। उनके हाथों में लोहे की रॉड और अन्य तेजधार हथियार थे। युवकों ने उनसे एक मोबाइल और कुछ कैश लूट लिया। डॉक्टर का कहना है कि उन्होंने हल्का विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें हत्या की धमकी दे डाली। लूटपाट करने के बाद आरोपी फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
डॉक्टर के साथ लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
नवीन, एसएचओ शिवाजी कॉलोनी।