शिक्षकों और विद्यार्थियों ने किया पौधरोपण
जागरण संवाददाता, रोहतक : वैश्य कॉलेज ऑफ लॉ में वन महोत्सव एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया
जागरण संवाददाता, रोहतक :
वैश्य कॉलेज ऑफ लॉ में वन महोत्सव एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कॉलेज के सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षक तथा गैरशिक्षक स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. प्रवीन कुमार गुप्ता ने अशोक वृक्ष का पौधरोपण करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सभी स्टाफ सदस्यों तथा विद्यार्थियों ने तरह-तरह के पौधे लगाकर कॉलेज को हराभरा रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं उनका संरक्षण वर्तमान समय की नितांत आवश्यकता है। क्योंकि वृक्ष मानव जाति के आधार भूत तत्वों जल, वायु और मिट्टी को संजोए हुए हैं और उनमें संतुलन बनाए रखने में सत्त भूमिका निभाते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि रावण ने भी लंका में अशोक वाटिका को संरक्षित करते हुए पर्यावरण के महत्व को भली भांति समझा हुआ था। अत: वन महोत्सव मनाने और वृक्षारोपण में यह निहितार्थ है कि पर्यावरण संरक्षण में ही मानव जाति का रक्षण है जिसके लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।