पत्नी दूसरे संग भागी तो दिव्यांग युवक ने लगाई फांसी
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहर की श्रीरामनगर कालोनी के एक दिव्यांग युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहर की श्रीरामनगर कालोनी के एक दिव्यांग युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसका कारण कोई और नहीं उसकी पत्नी और उसका प्रेमी है। एक सप्ताह पूर्व कालोनी का ही एक युवक उसकी पत्नी को लेकर फरार हो गया। दिव्यांग युवक और उसकी मां आरोपी युवक के घर महिला को लेने के लिए पहुंचे तो उसके पत्नी के प्रेमी ने उसके साथ मारपीट कर दी। जिससे युवक को गंभीर चोट भी आई। पीड़ित पुलिस के पास पहुंचा, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद शुक्रवार की दोपहर में उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
श्रीरामनगर कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय दीपक पुत्र राजू अपनी मां कैलाशो के साथ रहता है। दीपक को न तो पिता है और न ही कोई भाई बहन। वह अपनी मां का इकलौता सहारा था। दीपक की शादी छह साल पूर्व बिहार के समस्तीपुर से हुई थी। दीपक को दो बेटे है एक रोहित और दूसरा मोहित। जिनकी उम्र एक की चार साल और दूसरे की साढ़े पांच साल है। करीब एक सप्ताह पूर्व दीपक की पत्नी सोनिया कालोनी में ही रहने वाले एक युवक के साथ फरार हो गई। दो दिन बाहर रहने के बाद सोनिया अपने प्रेमी के घर वापस लौट आई। जैसे ही दीपक को पता लगा कि उसकी पत्नी सोनिया अपने प्रेमी के घर है तो वह अपनी मां कैलाशो के साथ उसे लेने के लिए आरोपी के घर पहुंच गया। यहां पर उसने अपनी पत्नी को वापस देने की मांग की, लेकिन आरोपी ने उसके और उसकी मां के साथ मारपीट करके घर से भगा दिया। इस मारपीट में दीपक को गंभीर चोट भी आई। जिसके बाद दोनों मां बेटा शिवाजी कालोनी थाने में पहुंचे, लेकिन पुलिस ने इसे हल्के में लिया। शुक्रवार को भी दीपक अपनी पत्नी से बात करने के लिए उसके प्रेमी के घर पहुंचा। उसने शुक्रवार को भी उसके साथ मारपीट की। जिसके बाद वह दोपहर में अपने घर आया और उसने अपने घर के कमरे की छत पर लगे एक कूंडे से लटकर फांसी लगा ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मां रह गई बच्चों का सहारा
दीपक की बचपन में ही आंखों की रोशनी चली गई थी। फिर भी वह मेहनत मजूदरी करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। दीपक को वर्तमान में दो बेटे है। जिनकी उम्र चार व पांच साल है। अब दीपक की भी मौत हो गई। दोनों बच्चे मां कैलाशो के सहारे रह गए है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
......
श्रीरामनगर कॉलोनी में एक युवक ने आत्महत्या की है। जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच शुरू कर दी गई है। यदि कोई युवक उसकी आत्महत्या का जिम्मेदार है तो उसे सजा मिलेगी
प्रवीण कुमार, एसएचओ, शिवाजी कालोनी।