महिला के बयानों में उलझे पीड़ित व पुलिस
संवाद सहयोगी, लाखनमाजरा : गांव चिड़ी से संदिग्ध हालत में गुम होने के बाद बरामद की गई महिला के बयानों
संवाद सहयोगी, लाखनमाजरा : गांव चिड़ी से संदिग्ध हालत में गुम होने के बाद बरामद की गई महिला के बयानों में पुलिस और परिजन उलझ गए हैं। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि पंचायत में महिला ने बेचने की जानकारी दी थी। इसके बाद एक एएसआइ ने महिला को बंद कमरे में समझाकर अदालत में बयान बदलवा दिया। ग्रामीणों के आरोप के बाद एसएचओ ने महिला के पुन: बयान कराने की बात कही है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव चिड़ी निवासी एक युवक का आठ वर्ष पहले एक महिला से विवाह हुआ था। दंपति के कोई संतान नहीं है। आरोप है कि तीन दिन पहले महिला रहस्यमय हालात में गुम हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने महिला को अगवा किया और फिर उसका सौदा कर दिया। पुलिस से शिकायत करने पर महिला को बरामद कर लिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि थाने में भरी पंचायत के बीच महिला ने अपहरण और बेचने की जानकारी दी। इसके बाद एक एएसआइ उसे कमरे में ले गया। एएसआइ ने बहला-फुसलाकर अदालत ले जाकर महिला के बयान बदलवा दिए। महिला ने पुलिस पर बयान बदलवाने का आरोप लगाया। ग्रामीणों के आरोप और रोष के चलते एसएचओ ने महिला के शनिवार को पुन: अदालत में बयान कराने की बात कही है।
महिला को बरामद कर लिया गया था। महिला ने च्वेच्छा से जाने और दूसरी जगह रहने के बयान अदालत में दिए थे। अब ग्रामीणों की संतुष्टि के लिए उसके पुन: बयान करा दिए जाएंगे।
संदीप, एसएचओ, लाखनमाजरा