दिल्ली रोड पर बनी अवैध कॉलोनी में ढहाई चारदीवारी
जागरण संवाददाता, रोहतक : नगर निगम की ओर से बृहस्पतिवार को दिल्ली रोड पर पार्श्वनाथ सिटी रोड के पास
जागरण संवाददाता, रोहतक : नगर निगम की ओर से बृहस्पतिवार को दिल्ली रोड पर पार्श्वनाथ सिटी रोड के पास अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत हाइनेस हैजल के पीछे बनी अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया और कॉलोनी में 30 से ज्यादा प्लाटों में बनाई गई चारदीवारी को ढहा दिया। इतना ही नहीं टीम ने कड़े विरोध के बाद टाइल फैक्टरी की चारदीवारी को भी ढहा दिया।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को नगर निगम की टीम डयूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार विजय के नेतृत्व में दिल्ली रोड पर जाम धमकी। टीम में निगम के एटीपी कृष्ण कुमार, बीआइ जितेंद्र नेहरा, तिलकराज व शशिकांत भी शामिल थे। टीम के साथ दो जेसीबी मशीन व अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। टीम ने दिल्ली रोड पर पार्श्वनाथ सिटी रोड के साथ हाइनैस हैजल के पीछे बनी अवैध कॉलोनी में कार्रवाई की। टीम ने जेसीबी की मदद से कॉलोनी में बनी चारदीवारी गिरानी शुरू कर दी। एक-एक कर टीम ने 30 से ज्यादा प्लाटों की चारदीवारी तोड़ दी। इसके साथ ही कॉलोनी में बनी एक टाइल फैक्टरी की चारदीवारी जब निगम की टीम तोड़ने लगी तो फैक्टरी मालिक ने इसका कड़ा विरोध किया। बाद में पुलिस बल के कारण फैक्टरी मालिक की एक न चल सकी। निगम की टीम ने जेसीबी की मदद से फैक्टरी की चारदीवारी भी गिरा दी। निगम के अधिकारियों का कहना था कि अवैध निर्माणों के खिलाफ भविष्य में भी कार्रवाई होती रहेगी। अधिकारियों ने शहरवासियों से आह्वान किया है कि वे निर्माण करने से पहले सभी कागजी कार्रवाई पूरी करके निगम में विकास शुल्क भी जमा कराएं। निगम की अनुमति मिलने के बाद ही निर्माण शुरू करें अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।