शीतलहर कोहरा = ठिठुरन
जागरण संवाददाता, रोहतक : कोहरे से मौसम में अचानक बदलाव आया है। कोहरे के साथ चल रही शीतलहर ने ठिठुरन
जागरण संवाददाता, रोहतक : कोहरे से मौसम में अचानक बदलाव आया है। कोहरे के साथ चल रही शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ा दी। सुबह-शाम घना कोहरा और दोपहर को धूप खिली। कई दिनों से 9 डिग्री सेल्सियस पर टिका पारा भी गोता खाते हुए 5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मंगलवार का जहां अधिकतम पारा 19 डिग्री पर था वहीं बुधवार को 18 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। कोहरे के कारण रेल व सड़क मार्ग प्रभावित रहा, जिसके कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन-चार दिन तक ठंड बढ़ेगी।
बुधवार को दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। इसके बाद धीरे-धीरे कोहरा छंटने लगा और 11 बजे के बाद आसमान से सूर्य दिखाई देने लगा, लेकिन तीन बजे के बाद फिर से सूर्य गायब हो गया और कोहरे की धीरे-धीरे चादर फैलने लगी।
बिना छत वालों को हुई दिक्कत
अचानक बदले मौसम के मिजाज की मार आमजन और गरीबों को पड़ी, जिसके सिर पर छत नहीं है। परिवार के भरण-पोषण के लिए कड़ाके की सर्दी में घरों से निकले लोग दिनभर ठिठुरते दिखाई दिए। वहीं, टूटे-फूटे मकानों और झोपड़ियों में रहकर गुजारा कर रहे गरीबों पर भी ठंड की मार पड़ी और वह दिनभर सर्दी से छुटकारा पाने के लिए जूझते रहे।
कोहरे ने थामी वाहनों की रफ्तार
बुधवार तड़के से ही क्षेत्र ने कोहरे की चादर ओढ़ ली। जैसे दिन चढ़ता गया कोहरे की चादर और गाढ़ी होती। इसके चलते हाईवे पर दौड़ने वाले वाहनों की रफ्तार कम हो गई। सुबह सात बजे से दस बजे तक तो वाहन 15 से 25 किमी रफ्तार पर हाईवे पर चलते नजर आए। वहीं, इससे हाईवे पर हादसे की आशंका भी बढ़ गई।
तीन-चार दिन पड़ेगी सूखी ठंड
मौसम वैज्ञानिकों की माने तो शनिवार-रविवार तक घना कोहरा बढ़ेगा और पारा गिरेगा। तीन-चार दिन तक बारिश के कोई आसार नहीं हैं। सूखी ठंड पड़ेगी, न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से भी नीचे जाने की संभावना है। ऐसे में गेहूं की फसल के लिए कोहरा और ठंड रामबाण साबित होगी, लेकिन अगर सूखी ठंड लगी चली तो फिर फसल को नुकसान भी शुरू हो जाएगा।
ये ट्रेनें रही लेट
- सिरसा एक्सप्रेस
- पंजाब मेल
- फिरोजपुर से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर
- का¨लगी एक्सप्रेस
- गोरखधाम एक्सप्रेस
दृष्टता - हाईवे पर 200 मीटर और शहरी क्षेत्रों में 500 मीटर रही
तापमान -
अधिकतम - 18 डिग्री
न्यूनतम- 05 डिग्री