बलजीत हत्याकांड का सातवां आरोपी गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, रोहतक : एक माह पहले जाट कालेज के शिक्षक बलजीत की हत्या करने वाले एक और आरोपी को पुल
जागरण संवाददाता, रोहतक : एक माह पहले जाट कालेज के शिक्षक बलजीत की हत्या करने वाले एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इससे पहले छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया आरोपी वारदात की साजिश में शामिल था।
ग्रामीणों ने लगाया था जाम
सीआइए-एक प्रभारी मनोज वर्मा ने बताया कि गांव बोहर निवासी जाट कालेज के डीपीई बलजीत की गांव लौटने के दौरान सत्यम हॉल के पास हत्या कर दी गई थी। वारदात के अगले दिन ग्रामीणों ने सोनीपत स्टेट हाइवे पर जाम लगा दिया था। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ढाई घंटे तक हंगामा किया था। पुलिस जांच में पता चला था कि बलजीत की हत्या भूमि विवाद में उसके परिवार के लोगों ने कराई थी। आरोपियों ने सुपारी देकर बलजीत का कत्ल कराया था। पुलिस ने इस मामले में लगभग दस लोगों को नामजद किया था। पुलिस ने छह आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर लिया था। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पीडित परिवार ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के रोहतक आने पर मांग की थी। अब पुलिस ने सुरेंद्र निवासी बोहर को गांव के पास से ही गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया।