समर्थकों जोश ने शहर में लगा दिया जाम
जागरण संवाददाता, रोहतक : पुलिस की यातायात व्यवस्था को मतगणना के लिए की गई व्यवस्था नतीजे आने के बाद
जागरण संवाददाता, रोहतक : पुलिस की यातायात व्यवस्था को मतगणना के लिए की गई व्यवस्था नतीजे आने के बाद धरी रह गई। विभिन्न प्रत्याशियों की जीत के बाद सड़क पर उतरे समर्थकों के जुलूस निकालने के कारण दिल्ली रोड पर जाम लग गया और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मतगणना के लिए पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए खासी मशक्कत की थी। दिल्ली रोड को पुलिस ने लगभग सीज कर दिया था। यहां पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छह नाके लगाए थे। सोनीपत स्टैंड से शीला बाइपास की ओर और दिल्ली रोड से शीला बाईपास रोड की ओर वाहनों को डायवर्ट कर दिया गया था। रविवार को सुबह आठ बजे से पहले पुलिस ने यही व्यवस्था लागू कर दी। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था सुचारू रही। शाम को प्रत्याशियों के नतीजे घोषित होने के बाद यह व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई और दिल्ली रोड पर भीषण जाम लग गया। जाम में फंसे वाहनों और लोगों को इससे परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि प्रत्याशियों और समर्थकों का जुलूस निकलने के बाद पुन: यातायात व्यवस्था सुचारू हो गई।
मतगणना केंद्र पर रही कड़ी सुरक्षा : अर्धसैनिक जवानों और पुलिस ने संयुक्त रुप से मतगणना केंद्र को सुरक्षा कवच में तब्दील कर दिया था। इसके चलते यहां अधिकारिक अनुमति लेकर पहुंचने वाले लोगों को भी गहन चेकिंग से गुजरना पड़ा। आम लोगों को मतगणना केंद्र में नहीं घुसने दिया गया। वहीं एजेंटों और प्रत्याशियों को भी चेकिंग के दौर से गुजरना पड़ा।
आम आदमी पर बंदिश, खाकी बेखौफ : मतगणना केंद्र पर पुलिस ने अनुमति लेकर पहुंचने वाले समर्थक एजेंट आदि पर मोबाइल ले जाने पर पाबंदी लगाई हुई थी। वहीं, वहां कई पुलिसकर्मियों पर इस प्रशासनिक आदेश का कोई असर नहीं दिखाई दिया और ना ही उनको किसी टोका। कई पुलिसकर्मी मतगणना केंद्र पर भी मोबाइल पर गपशप करते नजर आए।