कार लेकर पीजीआइ पहुंचा गोली से घायल हेड कांस्टेबल
जागरण संवाददाता, रोहतक : झज्जर कोर्ट में तैनात हेड कांस्टेबल को शुक्रवार रात अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। हमले घायल हेड कांस्टेबल स्वयं कार चलाकर पीजीआइ पहुंचा और बेहोश हो गया। चिकित्सक घायल के उपचार और पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
मूलरूप से कथूरा गांव निवासी राजीव सेक्टर-2 में किराये के मकान में रहता है। राजीव हरियाणा पुलिस का हेड कांस्टेबल है और वर्तमान में झज्जर कोर्ट में उसकी तैनाती है। शुक्रवार रात झज्जर बाईपास के पास राजीव को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली राजीव के पेट में लगकर कमर से निकल गई। घायल राजीव स्वयं कार चलाकर पीजीआइएमएस पहुंचा। कुछ देर बाद ही राजीव अधिक खून बहने के कारण बेहोश हो गया। चिकित्सकों ने पुलिस को सूचना देकर उसका उपचार शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पीजीआइ थाना पुलिस वारदात की पड़ताल में जुट गई। हमले की सूचना पर राजीव के परिजन भी पीजीआइएमएस पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक हमलावरों और हमले के कारणों का पता नहीं चल सका। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं परिजनों ने भी हमलावरों और हमले के कारणों की जानकारी से इन्कार किया है।