धर्म-ईमान बदलने वाले क्या करेंगे जनता का भला : गणेशीलाल
जागरण संवाददाता, रोहतक : भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष गणेशीलाल ने कहा कि वासनाओं की तृप्ति के लिए अपना धर्म व ईमान बदलने वाले प्रदेश की जनता का क्या भला करेंगे। कुलदीप बिश्नोई ने गठबंधन तोड़कर सिर्फ अपना हित साधा है। उन्हें जनता के हितों से कोई लेना देना नहीं हैं। वे सिर्फ मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, इसमें चाहे जनता के हितों के साथ कुठाराघात ही क्यों न हो। वे बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर उनकी उपस्थिति में इनेलो से पूर्व विधायक लीलाराम गुर्जर और बंसीलाल परिवार के समर्थक लोहारू से जेपी दलाल ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
गणेशीलाल ने कहा कि भाजपा हमेशा से ही गठबंधन के पक्ष में रही है। कुलदीप लोकसभा चुनाव से ही भाजपा को नुकसान पहुंचा रहे थे। गठबंधन बने रहने से जनता का हित बेहतर रहता। गठबंधन के टूटने से जनता का भला नहीं हो सकता। गठबंधन न रहने से भाजपा को कोई नुकसान नहीं होगा। पार्टी सभी 90 विधानसभा सीटों पर अपनी तैयारियों शुरू किए हुए है। पार्टी की ओर से निकाली जा रही चारों विजय संकल्प यात्राओं को जोरदार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लोकसभा चुनाव में सभी आत्मा शांत हो गई थी वहीं हरियाणा में भी विस चुनाव के दौरान सभी आत्माएं शांत हो जाएंगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आचार संहिता के तुरंत बाद भाजपा अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर देगी।
हमें गठबंधन टूटने का दुख है
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि भाजपा के साथ इससे पहले भी कई दल धोखा दे चुके हैं। हमें दुख है गठबंधन टूटने का। लोगों के मत की वजह से गठबंधन की शर्ताें में बदलाव की मांग की जा रही थी, जिसे कुलदीप बिश्नोई ने स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनीष ग्रोवर, हिमाचल में नाहन के विधायक राजीव बिंदल, जिलाध्यक्ष रमेश भाटिया व तरुण सन्नी शर्मा आदि मौजूद थे।