Move to Jagran APP

समय पर उठेगा कूड़ा, साफ-स्वच्छ बनेगा शहर

By Edited By: Published: Sat, 23 Aug 2014 01:04 AM (IST)Updated: Sat, 23 Aug 2014 01:04 AM (IST)
समय पर उठेगा कूड़ा, साफ-स्वच्छ बनेगा शहर

फोटो संख्या - 50

loksabha election banner

कृष्ण वशिष्ठ, रोहतक :

शहर की सड़कों किनारे व चौक-चौराहों पर अब कूड़े के ढेर नजर नहीं आएंगे। निगम ने कूड़े को समय पर उठाने के लिए अपने संसाधन बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। निगम ने 150 रिक्शा रेहड़ी खरीद ली हैं। 50 नए कूड़ेदान भी खरीदे जाएंगे। कूड़ेदान के नमूने का निरीक्षण निगम की कमेटी कर चुकी है और उसे पास भी कर दिया गया है। बहुत जल्द ही निर्माता कंपनी की ओर से इनकी सप्लाई कर दी जाएगी। इसके अलावा गली-गली में इकट्ठा हुए कूड़े-कचरे को ठोस कचरा प्रबंधन प्लांट तक पहुंचाने के लिए निगम ने प्रथम चरण में पांच टाटा ऐस खरीदने का निर्णय लिया है। इन वाहनों को खरीदने के लिए वर्क आर्डर भी जारी हो चुका है। चार लाख 35 हजार रुपये की राशि एक वाहन पर खर्च की जाएगी। हालांकि निगम की ओर से 50 से अधिक टाटा ऐस खरीदने की योजना है और 10 डंपर व व 2 लोडर भी निगम ने खरीदने का निर्णय लिया है।

13 हजार 100 रुपये में खरीदी एक रिक्शा रेहड़ी

गली-गली घूमकर घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए नगर निगम की ओर से 150 रिक्शा रेहड़ी खरीदी गई हैं। ये रिक्शा रेहड़ी तीन माह पहले ही खरीदी जानी थी लेकिन जिस दुकानदार को रिक्शा रेहड़ी खरीदने का टेंडर दिया गया था, उस दुकानदार के नमूने को निगम की कमेटी ने फेल कर दिया था। निगम ने फिर से रिक्शा रेहड़ी खरीदने का टेंडर दिया और अब चंदा साइकिल व‌र्क्स को वर्क आर्डर जारी किए गए हैं। रिक्शा रेहड़ी का नमूना भी पास हो चुका है और यह रेहड़ी करीब 13 हजार 100 रुपये में खरीदी गई हैं।

हर रोज निकल रहा 200 टन कूड़ा

सूत्रों के अनुसार नगर निगम का क्षेत्रफल करीब 136 वर्ग किलोमीटर का है। इस क्षेत्र में करीब पांच लाख जनसंख्या है और करीब 1 लाख 15 हजार मकान हैं। जनसंख्या के अनुसार शहर में करीब 200 टन कूड़ा निकलता है। निगम के अंतर्गत शहरी क्षेत्र में करीब चार लाख जनसंख्या है और करीब 90 हजार मकान हैं।

फिलहाल यह है व्यवस्था

निगम की ओर से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा उठाने का कार्य ठेकेदारों की ओर से किया जाता है। ठेकेदार ट्रैक्टर-ट्रालियों को किराये पर लगाकर कूड़ा संग्रहण केंद्रों से कूड़ा उठाकर उसे कूड़ा डंपिंग यार्ड में डाल देते हैं। ट्रालियों में कूड़ा ले जाते समय यह सड़क पर बिखरता रहता है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था ठीक नहीं हो पा रही है।

जल्द खरीदे जाएंगे अन्य वाहन : मेयर

मेयर रेणु डाबला ने बताया कि शहर को साफ-स्वच्छ बनाने के लिए संसाधन जुटाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रिक्शा रेहड़ी की खरीद की गई है। कूड़ेदान और टाटा ऐस भी बहुत जल्द ही खरीद लिए जाएंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.