दिनदहाड़े कांट्रेक्टर को गोली मारी, गंभीर
जागरण संवाददाता, रोहतक : भवन निर्माण में काम न देने पर सरिया ठेकेदार ने कंस्ट्रक्शन कांट्रेक्टर को दिनदहाड़े गोली मार दी। बाइक पर आए दो हमलावरों ने सेक्टर-दो में वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। घायल कांट्रेक्टर को पीजीआइएमएस में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सेक्टर-2 में हुई घटना
मूलरूप से बिहार के मधेपुरा जिला निवासी 40 वर्षीय रमाकांत यादव 20 साल से रोहतक में बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का ठेके पर काम करता है। रमाकांत यादव वर्तमान में सेक्टर-4 में परिवार सहित रहता है। बृहस्पतिवार को वह सोनीपत रोड स्थित सेक्टर-2 में एक इमारत का निर्माण कार्य करा रहा था। शाम लगभग पौने चार बजे दो युवक बाइक पर सवार होकर आए और रमाकांत पर गोली चला दी। गोली रमाकांत के बगल के नीचे सीने के पास लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों हमलावर वारदात के बाद बेखौफ होकर फरार हो गए। वारदात के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोग घायल को पीजीआइएमएस लेकर गए। वारदात के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
परिजनों ने सरिया ठेकेदार पर लगाया आरोप
रमाकांत के भाई कार्तिक यादव ने बताया कि पास के गांव निवासी युवक ठेके पर भवनों में सरिया लगाने का काम करता था। रमाकांत पहले उसी से काम कराता था लेकिन एडवांस रुपये लेने के बावजूद वह लापरवाही करता था। इससे निर्माण कार्य में देरी होती थी। इसके चलते आरोपी को रमाकांत ने काम देना बंद कर दिया। इसी रंजिश में आरोपी ने रमाकांत की हत्या की कोशिश की है।
वर्जन --
घायल के परिजन एक सरिया ठेकेदार पर गोली मारने का आरोप लगा रहे हैं। परिजनों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
-राजेंद्र अहलावत, एसएचओ, अर्बन एस्टेट।