महिला उत्थान के लिए उठाए जाएंगे कड़े कदम : रेणुका
जागरण संवाददाता, रोहतक : हजका की वरिष्ठ उपाध्यक्ष रेणुका बिश्नोई ने कहा कि पिछले डेढ़ दशक से प्रदेश में महिला उत्पीड़न और विशेषकर दलित महिलाओं के प्रति आपराधिक घटनाओं में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। महिलाओं की खिलाफ अत्याचार इतना अधिक बढ़ गया है कि वे बाहर तो दूर अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं के इस खोए मान-सम्मान को लौटाकर उन्हे सुरक्षित माहौल देना कुलदीप बिश्नोई की प्राथमिकता है। सत्ता में आने पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाकर उनकी सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी। रेणुका बिश्नोई बृहस्पतिवार को गाव मकड़ौली में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहीं थी। सम्मेलन की अध्यक्षता नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष संध्या बजाज ने की।
रेणुका बिश्नोई ने कहा कि आज समूचा प्रदेश उम्मीद भरी नजरों से हजकां अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई की ओर देख रहा है। लोग सत्ता परिवर्तन ही नहीं बल्कि व्यवस्था में भी बदलाव चाहते है और इसके लिए कुलदीप बिश्नोई को चुन चुके है। हिसार लोकसभा क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, चौराहों व शैक्षणिक संस्थानों के पास सीसीटीवी कैमरे लगवाकर उन्होंने अपराधियों पर नकेल कसने का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी यह दूरदर्शी सोच ही प्रदेश में अमन-चैन व शाति का माहौल स्थापित कर सकती है।
पार्टी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव सिर पर है इसलिए प्रदेश महिला सशक्तीकरण को मजबूती से लागू करने वाली सरकार की स्थापना के लिए महिला विंग जी-जान से मेहनत करने में जुट जाएं। गाव-गाव और गली-गली जाकर ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को पार्टी के पक्ष में मतदान करना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए हम ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को पार्टी के पक्ष में मतदान करवाएंगे, ताकि प्रदेश में जनहित की सरकार का गठन हो सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रत्येक जिले में महिला थाने, प्रत्येक महिला को 2 हजार रुपये मासिक, छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा नि:शुल्क करने समेत महिला उत्थान की दिशा में अनेक कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर संध्या बजाज, पुष्पा शर्मा, कमला देवी, उर्मिल शर्मा, चंदा देवी बागड़ी, सुमन मुद्गिल, सुमिता राणा, अनिता गुप्ता, ओमप्रकाश बागड़ी, बिजेंद्र शर्मा, धर्मपाल महता, सुरेंद्र माडू, मधुसूदन शर्मा आदि मौजूद थे।