भाजपा ने की सीएम व विधायकों की संपत्ति जांच की मांग
राज्यपाल के नाम ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा
फोटो संख्या -2
जागरण संवाददाता, रोहतक :
भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व सभी विधायकों की अकूत संपत्ति की जांच की मांग की है। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि सीएम व उनके पारिवारिक सदस्य व निकट संबंधियों और विधायकों ने अधिकारियों से मिलकर प्रदेश को लूटने का काम किया। हर तरफ भ्रष्टाचार की आग लगी हुई। सत्ता का दुरुपयोग करते हुए मुख्यमंत्री के नजदीकी लोगों ने अकूत संपत्ति जुटा कर ली है।
पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना था कि जो लोग दस वर्ष पहले हवाई चप्पलों व टूटी साइकिलों पर घूमा करते थे आज बड़ी-बड़ी कोठियों व गाड़ियों के मालिक बन गये हैं। रोहतक में अधिकारियों एवं मुख्यमंत्री के निकटतम लोगों का अवैध गठबंधन चल रहा है। जिन्होंने आम जनता के खून-पसीने की कमाई को अपनी तिजोरियों में बंद कर लिया है। सरकारी नौकरियों में भारी भ्रष्टाचार व भाई-भतीजावाद हुआ है। सीएलयू व्यापार बन गया है। जमीन अधिग्रहण करने का नोटिस देने के बाद जमीन किसी विशेष व्यक्ति के पक्ष में रिलीज कर देना कमाई का सबसे बड़ा धंधा बन गया है। मुख्यमंत्री के संरक्षण में रोहतक में अवैध कॉलोनियां काटी गई हैं, जिसमें प्लाट लेकर छत की आस लिये लोग दर-दर ठोकरे खाने को मजबूर हो रहे हैं। भाजपा पार्टी ऐसे सभी लोगों की संपत्ति की जांच की मांग करती है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रमेश भाटिया, निगम पार्षद अशोक खुराना, रमेश बल्हारा, राम अवतार बाल्मिकी, निगम पार्षद अजय जैन, भूषण चुघ, कपिल नागपाल, पदम ढुल, नमन चोपड़ा, दिनेश मुदगिल आदि मौजूद थे।