साक्षात्कार प्रक्रिया के विरोध में प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, रोहतक :
राज्य सरकार की नौकरियों में साक्षात्कार प्रक्रिया के विरोध में जनचेतना पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने लघु सचिवालय पहुंच कर सीटीएम के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
सरकार पर लगाया चहेतों को नौकरी देने का आरोप : शीला बाईपास स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रोहतक हलका प्रभारी संदीप ने कहा कि साक्षात्कार प्रक्रिया के चलते युवाओं के साथ नौकरियों में धोखा किया जा रहा है। पात्र युवा नौकरियों से वंचित रह जाते हैं जबकि मंत्री, विधायक व सरकार के चहेतों को नौकरियां बांटी जाती हैं। उन्होंने कहा कि जनचेतना पार्टी राज्य में भर्ती में साक्षात्कार प्रक्रिया का पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी सुप्रीमो एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा के आहवान पर प्रदेश भर में साक्षात्कार प्रक्रिया को खत्म करने के लिए प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज सबसे ज्यादा परेशान है तो युवा वर्ग है, जो रोजगार के लिए इधर-उधर भटक रहा है। लेकिन सरकार उनके साथ खिलवाड़ कर रही है। इसके बाद कार्यकर्ता संदीप शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों पर नजर रखने के लिए डीएसपी यशपाल खटाना के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया था। संदीप शर्मा ने युवाओं को आह्वान करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को सत्ता से उखाड़ने की बात कही।