मार्केटिंग का फंडा है विश्व सुंदरी प्रतियोगिताएं: धनखड़
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: अपने विवादित परंतु बिना लाग लपेट के बयानों के कारण कई बार सुर्खियों में रहे
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: अपने विवादित परंतु बिना लाग लपेट के बयानों के कारण कई बार सुर्खियों में रहे कृषि, पशुपालन व सिंचाई मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने रविवार को प्रस्तावित गौ संरक्षण व संवर्धन कानून की जमकर पैरवी की। साथ ही गौ उत्पादों की मार्केटिंग पर बल दिया। मार्केटिंग के गुर समझाये। विश्व सुंदरी प्रतियोगिता को करोड़ों की कमाई का मार्केटिंग का फंडा बताया। कोक व पेप्सी को गुणहीन व गौ उत्पादों को वरदान बताया। रहस्योदघाटन किया कि जब वे किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे तो अमेरिकी राजदूत ने उनसे आग्रह किया था हम उनके उत्पादों की बिक्री में बाधा न बनें।
धनखड़ रविवार को जाटूसाना स्थित श्री शिव मोहन गोशाला में गौरक्षा सेवा समिति की ओर से आयोजित प्रथम होली मिलन मेला कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। हालांकि भारी बारिश से मुख्य आयोजन नहीं हो सका, लेकिन धनखड़ ने दौरा निरस्त करने की बजाय गौशाला में आये लोगों को शेड के नीचे ही संबोधित किया। सहकारिता राज्यमंत्री बिक्रम सिंह यादव कुछ देरी से तब पहुंचे जब धनखड़ जा चुके थे। धनखड़ ने कहा कि वे जाटूसाना में गौशाला के विकास के लिए नहीं आये हैं, बल्कि वे चाहते हैं ये जगह गौसंवर्धन का ऐसा केंद्र बने जहां रिसर्च सेंटर के साथ श्रेष्ठ गो उत्पाद भी उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा कि गाय का दूध गुणकारी है। इसमें मौजूद पीलापन केरोटिन की वजह है, जो सेहत के लिए वरदान है, लेकिन ये हमारा दुर्भाग्य है कि हम गुणों का प्रचार नहीं कर पाये। उन्होंने सवाल किया कि 'बिना गुण की कोक-पेप्सी ब्रांडिंग के बल पर बिक रही है तो घर-घर गाय की पहुंच बनाकर गो दुग्ध व घी की मांग पैदा क्यों नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि आज ब्रांडिंग का जमाना है। नामी कंपनियां विश्व सुदंरी जैसी प्रतियोगिताओं पर करोड़ों लगाती है और मार्केर्टिग के इस फंडे से करोड़ों कमाती है। उन्होंने कहा कि गौ रक्षा के लिए हम ठोस कदम उठा रहे हैं। गौ सरंक्षण व संवर्धन कानून इसी बजट सत्र में आ जायेगा। ये गो तस्करी रोकने में पूरी तरह सक्षम होगा।
कार्यक्रम में उपायुक्त यश गर्ग, जाटूसाना आइटीबीपी के कमांडेंट राजेश यादव, भाजपा नेता अरविंद यादव, महाबीर यादव, जिला प्रधान सतीश खोला, गौशाला के प्रधान अजय मित्तल, रिपुदमन गुप्ता व वरुण चौधरी सहित कई गण्यमान लोग मौजूद थे।