दहेज से परेशान महिला ने मायके में खाया जहर
-ससुराल पक्ष के खिलाफ कराया था दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज -पिछले कई माह से मायके में रह रही थी मृ
-ससुराल पक्ष के खिलाफ कराया था दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज
-पिछले कई माह से मायके में रह रही थी मृतका
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: यहां के मोहल्ला नई आबादी में एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार नई आबादी निवासी 22 वर्षीय आरती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने आरती को यहां के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई सत्यनारायण ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में नई आबादी निवासी सत्यनारायण ने कहा है कि उसकी बहन आरती की शादी पटौदी चौक निवासी शक्तिराज के साथ एक दिसंबर 2011 में हुई थी। शादी के बाद से ही आरती को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। कुछ माह पूर्व दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने आरती के साथ मारपीट की थी तथा उसका गर्भ भी गिर गया था। आरती ने शहर थाना पुलिस में ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। अभी भी ससुराल पक्ष की ओर से और दहेज की मांग की जा रही थी। दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर आरती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। शहर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा सत्यनारायण की शिकायत पर पति शक्तिराज, चुन्नी लाल, सावित्री देवी के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।