महिला की हत्या, डरा पति चादर से शव ढंक सो गया
देर रात अज्ञात लोगों ने एक महिला की हत्या कर दी। इससे डरा सहमे पति ने शव को चद्दर में लपेट दिया और सो गया। उसने पुलिस को मामले की सूचना 11 घंटे बाद दी।
जेएनएन, पानीपत। शहर के सेक्टर-25 पार्ट टू में हनुमान मंदिर के पास एक महिला की शुक्रवार देर रात चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। महिला के पति कहना है कि वह पत्नी की हत्या से डर गया था, इसलिए उसने शव को चादर से ढंक दिया और सो गया। उसने पुलिस को 11 घंटे बाद सूचना दी और हत्या का आरोप 20-25 अज्ञात युवकों पर लगाया।
हनुमान मंदिर के पास झोपड़ी में रहने वाले निहार सिंह ने बताया कि मूल रूप से वह मध्य प्रदेश के जिला सिवान के काल पीपली गांव का रहने वाला है। वह 35 वर्षीय पत्नी शरीफा बाई और बेटे के साथ झोपड़ी में रहता है और कबाड़ बीनकर जीवनयापन करता है। शुक्रवार रात्रि करीब ढाई बजे उसकी पत्नी शरीफा झोपड़ी से निकलकर बाथरूम गई थी। तभी 20-25 अज्ञात युवकों ने उसकी पत्नी की पेट व शरीर के कई अन्य हिस्सों पर चाकू से हमलाकर हत्या कर दी। वह जब तक मौके पर पहुंचा तब तक हमलावर भाग चुके थे।
यह भी पढ़ें: लुधियाना में निठारी जैसी घटना, मांस खाने व खून पीने के लिए बच्चे की हत्या
वह डर गया था और उसने शव को चादर से ढंक दिया। इसके बाद वह सो गया था। शनिवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस को वारदात की सूचना दी। थाना चांदनी बाद प्रभारी जसपाल ढिल्लो ने बताया कि शरीफा बाई की हत्या अज्ञात युवकों ने की है या फिर उसके किसी जानकार ने, इसका पता लगाया जा रहा है। निहार सिंह की झोपड़ी के आसपास रहने वाले कई लोग फरार हैं। पुलिस उनका भी पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें: युवती को अगवा कर पिलाई शराब, रेप के बाद लूटी कार