नोटबंदी के बाद सरकार दिव्यांगों के लिए ही करेगी काम: चोपड़ा
जागरण संवाददाता, पानीपत विकलांग विकास संस्था द्वारा समाज कल्याण विभाग और भारतीय कृत्रिम अंग ि
जागरण संवाददाता, पानीपत
विकलांग विकास संस्था द्वारा समाज कल्याण विभाग और भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम, कानपुर के सहयोग से कृत्रिम अंग वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें सांसद अश्रि्वनी चोपड़ा मुख्य अतिथि रहे। करीब 170 दिव्यांगों ने शिविर का लाभ उठाया।
सांसद चोपड़ा ने मंच पर चुटकी लेते हुए कहा कि 'मैं पेशे से पत्रकार हूं और पहले भी था। राजनीति में धक्के से आ गया।' इस पर लोग ठहाके लगाकर हंसे। उन्होंने संस्था को सहायता देने से पहले कहा कि 'मै राजा कर्ण की नगरी का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। राजा कर्ण खुलकर दान करते थे। मैं खुद भी ऐसा करना चाहता था लेकिन अब पैसे खत्म हो गए हैं। फिर भी मैं सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास कोष से 5 लाख रुपये संस्था को देता हूं।'
अन्य संस्थाएं भी करें दिव्यांगों के लिए काम: सांसद
उन्होंने संस्था के लिए कहा कि संस्था ने समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा दिव्यांगों के लिए इतने बड़े स्तर पर कार्य किया। अन्य संस्थाओं को भी दिव्यागों की मदद कर उन्हें मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने विकलांग को दिव्यांग नाम देकर बड़ा सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि इससे पहली सरकारों ने 60 सालों में दिव्यांगों के लिए कुछ नहीं किया। विदेशों में दिव्यांगों के लिए बहुत सुविधाएं हैं। सार्वजनिक स्थान, सार्वजनिक वाहन दिव्यांगों की सुविधा के अनुसार बनाए जाते हैं ताकि इन्हें प्रयोग करने में असुविधा न हो। भारत में भी इस पर काम करने की जरूरत है। अभी तक राजनैतिक पार्टियों ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया लेकिन नोटबंदी से निपटने के बाद सरकार दिव्यांगों के लिए ही काम करेगी।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष ¨रकू वर्मा ने बताया कि दूसरे राज्यस्तरीय समारोह में 115 ट्राईसाइकिल, 30 व्हीलचेयर, 38 बैसाखी, 34 सुनने की मशीन व 55 कृत्रिम अंग दिए गए। अब संस्था शहर में एक दिव्यांग आश्रम खोलना चाहती है जिसमें दिव्यांगों को उनकी योग्यता के अनुसार प्रशिक्षण देकर स्वावलंबी बनाया जाएगा। उन्होंने शिक्षित दिव्यांगों के लिए सरकारी नौकरी, 40 फीसदी से अधिक दिव्यांगों को बस पास सुविधा, अर्धसरकारी कंपनियों में 10 फीसदी आरक्षण देने, दिव्यांगों के बच्चों को काम देने और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करवाने संबंधी मांगपत्र सौंपा।
इस अवसर पर दिव्यांग जन आयुक्त राज निर्भीक, समाजसेवी विजय लक्ष्मी पालीवाल, रमेश माटा, सेवानिवृत्त सेशन जज राजेन्द्र प्रसाद, प्रदीप धीमान, पार्षद अशोक नारंग, शील दिवान, जिला समाज कल्याण अधिकारी अश्वनी मदान, विजय कक्कड़, रेडक्रॉस से डॉ. पूजा सिंघल, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव सुप्रिया रत्न, संस्था के महासचिव कृष्ण वशिष्ठ, सचिव बलवंत कपूर, मदन लाल आजाद, कोषाध्यक्ष संजय कुमार, ममता भास्कर, मोहित शर्मा, आशीष संधू, हिमाशु शर्मा, प्रवीण शर्मा, कैलाश शर्मा, सुरेश चौधरी, राजू पहलवान, विनोद, सिवाह के सरपंच खुशदिल कादियान, सुदर्शन पाराशर और मुकेश वाल्मीकि मौजूद रहे।