आंधी से बिजली निगम को 80 खंभों का नुकसान
जागरण संवाददाता, समालखा गत दिवस आई आंधी से बिजली निगम को खासा नुकसान हुआ है। समालखा मंडल के
जागरण संवाददाता, समालखा
गत दिवस आई आंधी से बिजली निगम को खासा नुकसान हुआ है। समालखा मंडल के अंतर्गत आने वाले तीनों सब डिवीजन में करीब 80 बिजली के खंभे टूट गए। छाजपुर सबडिवीजन में दो ट्रांसफार्मर भी एच पोल से गिरने के कारण क्षतिग्रस्त हो गए। एपी फीडर की अधिकांश लाइनें बंद हो गई। इन्हें चालू करने का प्रयास चल रहा है। मजदूर की कमी आड़े आ रही है।
गौरतलब है कि रविवार शाम 4.30 बजे के करीब आंधी के साथ बारिश हुई थी। आधे घंटे चली आंधी के दौरान लिंक सड़कों के किनारे पेड़ों और उनकी शाखाओं के एलटी लाइन पर गिरने से विभिन्न जगहों पर खंभे और तार टूट गए। एपी फीडर को जाने वाली बिजली गुल हो गई, जबकि आंधी बंद होने के बाद आबादी की सप्लाई चालू कर दी गई। बिजली कर्मचारी खेतों की सप्लाई को चालू करने का प्रयास कर रही है।
जेई राजेश रावल ने कहा कि समालखा सबडिवीजन में दो बिजली खंभे टूटे हैं। खंभे टूटने से माजरी और गढ़ीछाज्जू एपी की सप्लाई रात से बंद है। उसे चालू करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पावर हाउस कर्मचारियों का कहना है कि 220 केवीए से चलने वाली 5 एपी फीडर आंधी के बाद से बंद हैं। बिहोली सब डिवीजन के एसडीओ प्रवीण दहिया ने कहा कि डिकाडला में बिजली खंभे टूटे हैं। उनके यहां भी आंधी के बाद से एपी फीडर की सप्लाई बंद पड़ी है। वहीं एक्सईएन एसपी मलिक कहते हैं कि पूरे मंडल में तीनों सबडिवीजन के 80 बिजली खंभे और दो ट्रांसफार्मर को आंधी से नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि छाजपुर सबडिवीजन में आंधी की रफ्तार तेज होने से वहां सबसे अधिक क्षति पहुंची है, जबकि समालखा और बिहोली में कम नुकसान है। उन्होंने कहा कि कुछ बंद फीडर की पेट्रोलिंग की जा रही है, इसके बाद नुकसान का सही पता चलेगा। सभी फीडरों को बारी-बारी से चालू करने का प्रयास किया जा रहा है।