7 मार्च के प्रदर्शन में बिजली कर्मचारी लेंगे बढ़ चढ़कर भाग
जागरण संवाददाता, समालखा : सरकार के निजीकरण, उदारीकरण, वैश्वीकरण, वेतन विसंगति और नई पें
जागरण संवाददाता, समालखा :
सरकार के निजीकरण, उदारीकरण, वैश्वीकरण, वेतन विसंगति और नई पेंशन स्कीम के विरोध में प्रदेश के अन्य कर्मचारियों के साथ बिजली कर्मचारी भी 7 मार्च को होने वाले प्रदर्शन में भाग लेंगे। ऑल हरियाणा पावर वर्कर यूनियन के राज्य प्रवक्ता सुरेश कुमार ने कहा कि सरकारी विभागों में नए कर्मचारियों की भर्ती नहीं हो रही है। पुराने कर्मचारी सेवानिवृत होते जा रहे हैं। उनकी जगह नए के नहीं आने से सभी विभागों में कर्मचारियों की भारी कमी हो गई है। आउट सोर्सिंग के चंद कर्मचारियों सहित ठेकेदार के करिंदों से बिजली विभाग का कामकाज चल रहा है। कर्मचारियों की कमी होने से लोगों की शिकायतें समय पर दूर नहीं होती है। उनमें रोष पनप रहा है। यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने सत्ता में आने से पहले ही कर्मचारियों को उपरोक्त समस्याओं के समाधान करने का भरोसा दिया था, जो दो साल शासन करने के बाद भी पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि उपरोक्त मांगों सहित कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, सातवें वेतन आयोग की सिफारिश लागू करवाने, ठेका प्रथा समाप्त करने सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदेश के कर्मचारी 7 मार्च को प्रदर्शन करेंगे। उक्त प्रदर्शन में बिजली कर्मचारी भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि बिजली, शिक्षा सहित सभी सरकारी विभागों में रिक्त पड़े हजारों पदों को भरने के लिए को जल्द कदम सरकार को उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में कर्मचारियों की भीड़ जुटाने के लिए उनकी यूनियन द्वारा जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है।