स्वास्थ्य विभाग का कारनामा : 20 दिनों में तीन बार एक ही लड़की का हुआ जन्म!
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने पानीपत में नया कारनामा किया है। उन्होंने 20 दिन के अंदर एक बच्ची का तीन बार जन्म दिखाकर उसके तीन जन्म प्रमाणपत्र बना दिए।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत के सनौली सीमा से लगते ऊझा गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने चौंकाने वाला कारनामा कर दिखाया है। एक लड़की को 20 दिन के अंदर अलग-अलग तारीखों में जन्मा दिखाकर उसके तीन जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिए। बेटी के अभिभावक संशय में हैं कि कौन से जन्म प्रमाण पत्र का इस्तेमाल करें।
गढ़ी बेसिक गांव निवासी नौशाद की बेटी साइमा का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊझा ने 6 मार्च, 2016 को जन्म दिखाकर 8 मार्च को रजिस्ट्रेशन किया। उसके बाद जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिया। इसके ठीक 15 दिन बाद साइमा को 21 मार्च, 2016 दोबारा जन्म दिलाकर 30 मार्च को रजिस्ट्रेशन दिखाते हुए दूसरा जन्म प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया।
पढ़ें : जैन मुनि तरुण सागर पर टिप्पणी से सियासत में उबाल, निशाने पर 'आप'
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को एक ही लड़की को एक ही मां से अलग-अलग दिन दो बार जन्म दिलाने के बाद भी संतुष्टि नहीं हुई। उसी मां व बाप के घर एक माह 5 दिन के बाद फिर साइमा नामक लड़की को तीसरी बार 21 अप्रैल 2016 को पैदा कर दिया। 30 अप्रैल को उसका रजिस्ट्रेशन करके तीसरा जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिया।
पढ़ें : डेरा सच्चा सौदा को 50 लाख रुपये देने की घोषणा, घिरे तो विज ने दी सफाई
ऊझा गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इंचार्ज डॉ. निशी जिंदल का कहना है कि तीन दिन पहले कंप्यूटर में जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्रों की जांच की है। एक ही लड़की के नाम से अलग-अलग तारीखों में तीन जन्म प्रमाण पत्र जारी होने की बात सामने आई है। इसको लेकर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र इंचार्ज एलएचवी संतोष को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। सोमवार को आशा वर्कर व स्वास्थ्य कर्मियों की बुलाई है। ताकि भविष्य में इस प्रकार की गलती न हो।