घर में घुसने की ऐसी क्या सजा, जींद में युवक को पीट-पीटकर मार डाला
जीद में एक युवक के घर में घुसने पर परिवार वालों उसे पीट पीटकर मार डाला। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पानीपत/जींद, जेएनएन। जींद में एक युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। युवक की कसूर सिर्फ इतना था कि वह आरोपितों के घर घुस गया है। हालांकि घर में वह क्यों गया, अब तक वजह सामने नहीं आई। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चाचा कृष्ण ने बताया कि 28 वर्षीय विजेंद्र जींद के गांव कंडेला में रहता था। भतीजा विजेंद्र रात को 11 बजे तक घर पर था। इसके बाद वह सोने चला गया। परिवार के अन्य सदस्य भी आराम कर रहे थे। सुबह करीब छह बजे जानकारी मिली कि गांव के ही राममेहर के घर में विजेंद्र का शव पड़ा हुआ है। आरोप है कि राम मेहर ने अपने परिवार वालों के साथ मिलकर विजेंद्र की पीट पीटकर हत्या कर दी। विजेंद्र के शरीर पर चोट के भी निशान बताए जा रहे हैं।
सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के चाचा की शिकायत पर राममेहर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच में जिन लोगों के नाम सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मृतक विजेंद्र निजी स्कूल की बस पर हेल्पर का काम करता था। वहीं बताया जा रहा है कि विजेंद्र रात में आरोपितों के घर गया था। हालांकि घर जाने और हत्या की वजह अभी तक सामने नहीं आई है।