बुजुर्गो की ताकत को याद रखना होगा : यादविंद्र
जागरण संवाददाता, पानीपत : मॉडल टाउन के बोसाराम चौक पर शहीद भगत सिंह के पौत्र यादविंद्र संधू ने अमर श
जागरण संवाददाता, पानीपत : मॉडल टाउन के बोसाराम चौक पर शहीद भगत सिंह के पौत्र यादविंद्र संधू ने अमर शहीद मदन लाल ढींगड़ा की प्रतिमा का अनावरण किया। पंजाबी नव निर्माण सभा की तरफ ढींगड़ा की प्रतिमा लगाई गई है।
इस मौके पर भगत सिंह के पौत्र संधू ने कहा है कि पंजाबी कोई धर्म या जाति नहीं है। इसमें हर धर्म और जाति के लोग हैं। पंजाबी एक सभ्यता है। हमारी सभ्यता हमेशा सीखने की रही है। पंजाबी लोगों में हौसला है। उसकी वजह से पंजाबी कनाडा में मंत्री और बड़े-बड़े पदों पर हैं। उन्होंने कहा कि हमारे बुजुर्ग इतिहास बनाकर गए हैं। हमें अपने बुजुर्गो की ताकत को याद रखना होगा। सदैव समाज हित में कार्य करें, तभी हमारा समाज प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सकेगा। सीमा पर देश की सेवा करने का मौका बहुत कम लोगों को मिलता है। जो लोग सीमा पर सेवा नहीं कर सकते, वे समाज में रहकर भी देश सेवा कर सकते हैं। दिल में देश सेवा करने का जज्बा होना चाहिए। मैं अकेला शहीद भगत सिंह वारिश नहीं हूं, बल्कि आप सब भी उनके वारिश हैं। भगत सिंह का नाम जुबान पर आते ही जोश आ जाता है। उन्होंने कहा कि देश को आजाद कराने के लिए 6 लाख लोगों ने कुर्बानियां दी थी, जिनमें से 3 लाख पंजाबी थे। आज हमारा समाज जात-पात में बंट रहा है। हमें जाति-पाति से ऊपर उठकर देश सेवा करनी होगी। मांगों को जिक्र करते हुए संधू ने कहा कि देश की आजादी में बलिदान देने वालों की सूची बनाई जाए। स्कूल-कॉलेज में लगने वाली किताबों में शहीदों की जीवनी पढ़ाई जाए। शहीद संग्राहलय बनाए जाएं, जिसमें प्रत्येक शहीद का ब्योरा दिया जाए। परियोजनाओं, सड़क और मार्गो को नाम शहीदों के नाम पर रखा जाए। इस अवसर पर सरदार बलजीत सिंह, अनिल मदान, सुशील कत्याल, नीतिन मदान, अंकित तेहरी, वीरेंद्र मलिक, काकू बजाज आदि उपस्थित रहे।