गठबंधन टूटने से नुकसान नहीं, लाभ होगा : कंवर पाल
जागरण संवाददाता, पानीपत : प्रदेश भाजपा केमहामंत्री व पूर्व विधायक कंवरपाल सिंह गुर्जर ने कहा कि आज प्रदेश में चारों और आक्रोश व असंतोष फैला हुआ है। समाज के सभी वर्ग वर्तमान सरकार से दुखी हैं। किसानों को पर्याप्त मात्रा में बिजली पानी नहीं मिल रहा है, मजदूरों के हितों में अनदेखी हो रही है। व्यापारी वर्ग को तरह तरह से तंग किया जा रहा है। कंवर पाल सेक्टर 11 में आयोजित पत्रकारवार्ता में बोल रहे थे। गठबंधन टूटने से होने वाले नुकसान के संदर्भ में पूछने पर उन्होंने बताया कि अभी असमंजस बनी हुई थी जिस कारण अधिक नुकसान चल रहा था। भाजपा 90 सीटों पर लड़ने के लिए तैयारी कर चुकी है। टिकट बांटने के सवाल पर उन्होंने बताया कि आगामी तीन सितंबर तक भाजपा की पहली सूची जारी होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा भाजपा ने 25 अगस्त से चार अलग अलग जगह से विजय संकल्प यात्रा शुरू की है। पहली यात्रा कालका से जिसका नेतृत्व अम्बाला से सासद रतन लाल कटारिया कुरुक्षेत्र से राजकुमार सैनी, व करनाल से सासद अश्वनी चोपड़ा, भाजपा विधायक दल के नेता अनिल विज व मनोहर लाल खट्टर कर रहे हैं। दूसरी यात्रा सिरसा से चलेगी जिसका नेतृत्व कैप्टन अभिमन्यु , प्रो. गणेशी लाल कर रहे हैं, भिवानी से शुरू होने वाली यात्रा का नेतृत्व ओम प्रकाश धनखड़ व धर्मवीर सिंह कर रहे हैं। महेंद्रगढ़ से चली यात्रा का नेतृत्व प्रो. रामविलास शर्मा प्रदेशाध्यक्ष भाजपा व कृष्ण पाल गुर्जर व राव इन्द्रजीत सिंह कर रहे हैं।
कालका से शुरू होने वाली यात्रा के संयोजक संजय भाटिया, व सह संयोजक कृष्ण बेदी सिरसा से चलने वाली यात्रा के संयोजक रामचन्द्र जागड़ा सहसंयोजक विजय पाल बनाए गए हैं। भिवानी से चली यात्रा के संयोजक प्रो. गणेशी लाल व सह संयोजक ललित बतरा बनाए गए। वहीं, महेंद्रगढ़ यात्रा के संयोजक वीर कुमार यादव हैं।
यात्रा का 31 को होगा समापन
विजय संकल्प यात्रा चार स्थानों से 25 अगस्त से शुरू हुई है तथा चार अलग-अलग शहरों में एक ही दिन 31 अगस्त को यात्रा का समापन होगा। कालका से चली यात्रा समालखा में समाप्त होगी। जहां भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव जगत प्रकाश नड्डा तथा मध्यप्रदेश के मंत्री कैलाश वर्गीय लोगों की संबोधित करेंगे। भिवानी से चली यात्रा का समापन झज्जर में होगा जहां जनसभा को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तथा प्रदेश प्रभारी अनिल जैन संबोधित करेंगे। सिरसा से शुरू होकर जींद में समापन होने वाली यात्रा को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तथा बीरेंद्र सिंह संबोधित करेंगे। महेंद्रगढ़ से शुरू होकर होडल में खत्म होने वाली यात्रा के दौरान होडल में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ तथा प्रदेश प्रभारी जगदीश मुखी संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष गजेन्द्र सलूजा ने कहा कि संकल्प यात्रा के पानीपत में भी कई कार्यक्रम रखे गए हैं। इस अवसर पर मुख्य रूप से महिपाल ढाडा, डॉ. सुरेन्द टुटेजा, पवन अरोड़ा, सुनील सोनी, हरीश मल्होत्रा, ईश राणा, प्रदीप उपाध्याय, अमरजीत कोहली, विरेंद्र तनेजा, व नंद किशोर पुण्डीर उपस्थित थे।