शहर में आज ऑटो रहेंगी बंद
जासं, पानीपत : विजय संकल्प रैली के चलते शहर में रविवार सुबह से शाम तक ऑटो नहीं चल पाएंगे। इससे न सिर्फ करीब पांच हजार ऑटो चालक प्रभावित होंगे वहीं, आमजन को भी खासी परेशानियों को सामना करना पड़ेगा। ऑटो में सफर करने वाले शहरवासियों को प्लानिंग करके घर से निकलना होगा। रैली समाप्त होने के बाद ही ऑटो चल पाएंगे। इसके लिए समय तय नहीं किया गया है। ट्रैफिक इंचार्ज ने चालकों को निर्देश दिए हैं कि रविवार को ऑटो न चलाएं। अगर कोई ऑटो चलता मिला तो पुलिस उसे जब्त कर लेगी।
इन रूटों पर नहीं चलेंगे तिपहिया वाहन
शहर में किसी भी रूट पर ऑटो की आवाजाही नहीं होगी। खासकर सिवाह, सनौली रोड, शुगर मिल, डाहर, असंध रोड, बरसत रोड, देवी मंदिर रोड, जाटल रोड, बबैल रोड, छोटूराम चौक, ऊझा, रिसालू रोड और काबड़ी रोड पर ऑटो नहीं चलेंगे।
सिटी बस हो सकता विकल्प
ऑटो बंद होने पर सिटी बस लोगों की आवाजाही का विकल्प हो सकता है। प्रशासन चाहे तो सिटी बस के शहर में विभिन्न रूटों पर चक्कर बढ़ा सकता है। इसके लिए कई अतिरिक्त बस चलाई जाएं तो लोगों को आने जाने में दिक्कत नहीं होगी।
वर्जन
शहर में रैली होने से उन्हें कोई एतराज नहीं है। मगर प्रशासन को ऑटो चालकों का भी ध्यान रखना चाहिए। इस बारे में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से शिकायत करेंगे।
सुरेंद्र कादियान, जिला प्रधान, हरियाणा प्रदेश ऑटो रिक्शा कल्याण संघ
वर्जन
रैली के मद्देनजर शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए ऑटो पर प्रतिबंध लगाया गया है।
सतपाल, इंचार्ज, ट्रैफिक सिटी