खुशहाली और अमन चैन की मांगी दुआ
जागरण संवाददाता, पानीपत : ईद उल फितर का त्योहार मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विभिन्न मस्जिदों में दो रकात की नमाज अता कर खुशहाली व अमन चैन की दुआ मांगी। नमाज के बाद एक दूसरे से गले मिले। ईद की मुबारकबाद दी।
दूज का चांद बीते सोमवार को पानीपत में दिखाई नहीं दिया। देश के अन्य भागों में चांद दिख जाने से हलाल कमेटी ने ईद मंगलवार को ही मनाने का फैसला लिया। ऐतिहासिक नगरी पानीपत के लोग देर शाम से ईद की तैयारी में जुट गए। आसमान में हल्के बादल छाए रहने के बावजूद मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह 8.30 से लेकर 10.30 बजे तक बारी-बारी से ईद की दो रकात की नमाज अता की। हाथों में चटाई.माथे पर रंग बिरंगी नमाजी टोपियां पहने बच्चे, युवा व बुजुर्ग सुबह में नमाज अता करने की धुन में व्यस्त दिखाई दिए। बारिश का मौसम देखते हुए मस्जिदों में नमाज के लिए विशेष इंतजाम किया गया। किला स्थित बू अली कलंदर शाह दरगाह में सैकड़ों लोगों ने सुबह 10.00 बजे दो रकात की नमाज अता की। सूफी सैय्यद एजाज अहमद हाशिमी ने बताया कि नमाज का समय 9.30 बजे निर्धारित किया गया था। लेकिन नमाज पढ़ने में आधे घंटे की देरी हुई। नमाज पढ़ने के लिए दरगाह परिसर में व्यापक इंतजाम किया गया। दो रकात के बाद जुमे की नमाज पढ़ने के लिए दोपहर 1.30 बजे तक भीड़ भाड़ रही।
दरगाह पर उमड़े नमाजी
सनौली रोड स्थित दरगाह शाह विलायत के पास व्यस्त मार्ग कुछ लम्हों के लिए ठहर सा गया। ईद उल फितर की नमाज अता करने हजरात पहुंचे। भीड़ अधिक होने से सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। दरगाह शाह विलायत के इमाम सैय्यद मेराज हुसैन साबरी ने नमाज अता करवाया। मुल्क हिंदुस्तान के अमन व चैन के लिए दुआ मांगी। पूर्व विधानसभा स्पीकर सतबीर कादियान ने दरगाह में मुस्लिम समाज के नमाजी हजरात को ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने ईद को मोहब्बत का पैगाम बताया। दलित नेता प्राण रत्नाकर, सुरेश कांगड़ा, पंकज पुनिया व साकिर अली मौजूद थे।
ईद सौहार्द्रता का प्रतीक
पत्थरगढ़ में मुस्लिम समुदाय के लगभग सात सौ लोगों ने जामा मस्जिद में नमाज अता की। गले मिलकर एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। पत्थरगढ़ के सरपंच अमजद मजीदी कासिमी ने बताया कि जामा मस्जिद में सामूहिक नमाज अता की। उन्होंने बताया कि ईद का त्योहार भाईचारा व सौहार्द्रता का प्रतीक है। नमाज के माध्यम से प्रदेश के अमन चैन, खुशहाली व शांति की दुआ मांगी गई।
दीन दुखियों को दिए दान
ईदगाह रोड स्थित मस्जिद पर ईद की नमाज अता की गई। पहली नमाज सुबह नौ बजे अता की गई। मस्जिद परिसर में सैकड़ों लोगों ने ईद की दो रकात नमाज अता की। बारिश की वजह से नमाज अता करने वालों की भीड़ कम रही। ईद की नमाज के बाद दीन दुखियों को दान भी दिए गए। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मीठी सेवइयां भी बांटी। सड़क के दोनों पर मेले के स्टॉल लगाए गए। बच्चों ने मेले का आनंद लिया।