अवैध कालोनियों की सड़कें उखाड़ी
जागरण संवाददाता, पानीपत : जिला नगर योजनाकार विभाग ने अवैध कालोनियों को फिर से तोड़ना शुरू कर दिया। विभाग के दस्ते ने शुक्रवार को इसराना की दो अवैध कालोनियों की सड़कें उखाड़ कर डीपीसी गिरा दी। विभाग की कार्रवाई शुरू होते ही लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। अनाज मंडी के सामने लोगों ने विभाग की कार्रवाई का विरोध भी किया।
शुक्रवार को जिला नगर योजनाकार विभाग का दस्ता जेसीबी लेकर इसराना से मांडी मोड़ के पास अवैध कालोनी में पहुंचा। वहां पर कालोनाइजर ने चार एकड़ में अवैध कालोनी काट रखी है। उसने कालोनी में रोड़े की चार सड़कें बना रखी थी, जिनको दस्ते ने जेसीबी से उखाड़ दिया। इतना ही नहीं कालोनी में बनी छह डीपीसी गिरा दी। बताया जाता है कि विभाग ने पहले भी इस कालोनी को दो बार तोड़ था, लेकिन कालोनाइजर ने फिर से सड़कें बना दी थी। विभाग को जैसे ही सड़कें बनाने की भनक लगी तो सड़कों को उखाड़ दिया। इसके बाद दस्ता अनाज मंडी के सामने कालोनी में पहुंचा। यह कालोनी करीब दो एकड़ में काट रखी है। कालोनी में इंटरलॉकिंग ईटों की सड़कें बना रखी थी। विभाग ने कालोनी की दो सड़कों को उखाड़ दिया। जैसे ही कालोनी में तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू हुई तो आसपास रहने वाले लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने तोड़फोड़ की कार्रवाई का विरोध किया। लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने तहसीलदार इसराना को डयूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर रखा था।
अवैध कालोनियां बसने नहीं दी जाएंगी : धीरेंद्र
जिला नगर योजनाकार धीरेंद्र सिंह का कहना है शहर और कस्बों के सुनियोजित विकास के लिए अवैध कालोनियों बसने नहीं दी जाएंगी। इसलिए अवैध कालोनियों के खिलाफ तोड़फोड़ की कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध कालोनियों को प्राथमिक स्तर पर ही तोड़ दिया जाएगा।