हजकां का कांग्रेस में विलय, कुलदीप व रेणुका कहलाएंगे अब कांग्रेसी विधायक
हरियाणा जनहित कांग्रेस के कांग्रेस में विलय को लेकर विधानसभा सचिव ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। अब दोनों विधानसभा में कांग्रेसी विधायकों के साथ बैठेंगे।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा जनहित कांग्रेस का कांग्रेस में विधिवत विलय हो गया है। विधानसभा सचिव ने हजकां के दो विधायकों कुलदीप बिश्नोई और रेणुका बिश्नोई के कांग्रेस में विलय को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। अब यह दोनों वैधानिक रूप से कांग्रेसी कहलाएंगे और उन्हें विधानसभा में बैठने के लिए कांग्रेस विधायकों के साथ ही जगह मिलेगी।
विधानसभा सचिव आरके नांदल ने हजकां (बीएल) के दोनों विधायक कुलदीप एवं रेणुका के कांग्रेसी होने की मंजूरी दी है। अप्रैल में नई दिल्ली में दस जनपथ पर हजकां का कांग्रेस में विलय हो गया था, परंतु निर्वाचन आयोग से हजकां के कांग्रेस में विलय की मंजूरी हाल ही में मिली थी। कागजी कार्यवाही पूरी नहीं होने के कारण कुलदीप बिश्नोई व रेणुका बिश्नोई विधानसभा में हजकां के विधायक के तौर पर ही गिने जाते थे।