एचओए पर बढ़ी रार : विज ने कहा- अभय चौटाला का चुनाव फर्जी व गैरकानूनी
हरियाणा आेलंपिक संघ के चुनाव को लेकर विवाद गर्मा गया है। राज्य के खेल मंत्री अनिल विज ने अभय चौटाला के एचओए अध्यक्ष के रूप में चुनाव को फर्जी व गैरकानूनी बताया है।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा ओलंपिक संघ (एचओए) के चुनाव को लेकर राज्य के खेल मंत्री अनिल विज और अभय चौटाला आमने सामने हो गए है। प्रदेश के खेल मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को कहा कि दो दिन पूर्व हुआ एचओए का चुनाव पूरी तरह फर्जी है और इसे कतई मंजूर नहीं किया जा सकता। इस फर्जी व गैरकानूनी चुनाव के मुद्दे को राज्य सरकार भारतीय ओलंपिक संघ के समक्ष उठाएगी। दूसरी ओर, अभय चाैटाला ने भी इस मामले पर कड़ा रुख जताया है। चौटाला ने चुनाव सही बताते हुए विज क खिलाफ कानूनी कार्रवाई की धमकी दी है।
अभय चौटाला गुरुग्राम में हुए हरियाणा ओलंपिक संघ के चुनाव में प्रधान चुने गए हैं। विधानसभा सत्र के दौरान विज से भिड़ते हुए चौटाला ने अपने गुट के नेतृत्व वाले हरियाणा ओलंपिक संघ को वैध करार दिया था। चौटाला और विज के बीच चल रही तनातनी और बढऩे की संभावना है।
खेल मंत्री विज ने कहा कि न तो चुनाव में किसी जिला खेल एसोसिएशन ने भाग लिया और न इसे स्वीकार किया है। अभय चौटाला व उनके कुछ साथियों ने खुद ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर लीं और खुद ही संघ के प्रधान बन गए। इस ड्रामे की कहानी बयां करते हुए वह भारतीय ओलंपिक संघ को पत्र लिखेंगे ताकि पूरी वास्तविकता सामने लाई जा सके।
प्रदेश में हरियाणा ओलंपिक संघ को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। वर्तमान में तीन गुटों ने एचओए का गठन कर रखा है और हर गुट अपनी एसोसिएशन के असली होने का दावा करता है। एक गुट की कमान कांग्रेस समर्थित पूर्व डीजीपी पीवी राठी के हाथ में है तो दूसरे की अगुवाई भाजपा सीपीएस श्याम सिंह राणा के हाथ में। तीसरे गुट की बागडोर इनेलो नेता शेर सिंह बड़शामी से अब खुद अभय चौटाला ने संभाल ली है।
--------
' हमारा एचओए ही असली '
'' भारतीय ओलंपिक संघ के सचिव राकेश गुप्ता की अगुवाई में हुए चुनाव में प्रदेश के 53 खेल संघों में से 46 ने हमारे हक में मतदान किया था। चुनाव पूरी तरह से वैधानिक है। अगर कोई इसे चैलेंज करता है तो हमारे सामने कानूनी कार्रवाई का विकल्प खुला है। हम किसी के डरावे में आने वाले नहीं हैं। हमारा ओलंपिक संघ असली है।
- अभय चौटाला, नवनियुक्त प्रधान, एचओए।
------
' भारतीय ओलंपिक संघ में करेंगे शिकायत '
'' जब तक सभी खेल संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद न हों, ऐसे किसी चुनाव को मान्यता नहीं दी जा सकती। इसलिए यह चुनाव फर्जी व गैरकानूनी है। भारतीय ओलंपिक संघ को पत्र लिखकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया जाएगा।
-अनिल विज, खेल मंत्री, हरियाणा।