अभय की विज को दो टूक- हरियाणा में खेल करानेे को मेरी चौखट पर रगड़नी पड़ेगी नाक
विज द्वारा हरियाणा ओलंपिक संघ के चुनाव को चुनौती देने के ऐलान के बाद नव निर्वाचित अध्यक्ष अभय चौटाला ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा में खेलों पर सियासत गरमा गई है। खेल मंत्री अनिल विज द्वारा हरियाणा ओलंपिक संघ के चुनाव को चुनौती देने के ऐलान के बाद नव निर्वाचित अध्यक्ष अभय चौटाला ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। चौटाला ने कहा कि सरकार को यदि हरियाणा में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन करना है तो हर हाल में मेरी अनुमति लेनी होगी। चौटाला ने यहां तक कह दिया कि हरियाणा ओलंपिक संघ को मुख्यमंत्री और विज से किसी सर्टिफिकेट अथवा मान्यता की जरूरत नहीं है। विज यदि हरियाणा में खेल कराना चाहते हैं कि उन्हें मेरी चौखट पर आकर नाक रगड़नी पड़ेगी।
अभय चौटाला के इस रुख के बाद दोनों धड़ों में टकराव के आसार बढ़ गए हैं। विज ने भी चौटाला के आरोपों का जवाब दिया है। चौटाला ने पीवी राठी और श्याम सिंह राणा गुटों के नेतृत्व में बने हरियाणा ओलंपिक संघों को भी फर्जी करार दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा ओलंपिक संघ को भारतीय ओलंपिक संघ से मान्यता प्राप्त है। गुरुग्राम में भारतीय ओलंपिक संघ के पर्यवेक्षक की मौजूदगी में हरियाणा ओलंपिक संघ का चुनाव हुआ और उन्हें अध्यक्ष चुना गया है।
चौटाला ने कहा कि चौ. भरत सिंह मेमोरियल स्पोट्र्स कालेज जींद, शाह सतनाम जी स्पोट्र्स स्कूल सिरसा और चौ. चरण सिंह कृषि यूनिवर्सिटी हिसार समेत 24 डिस्ट्रिक्ट यूनिट हरियाणा ओलंपिक संघ के साथ जुड़ी हैं। विज को चुनाव की प्रक्रिया की जानकारी नहीं है। भारतीय ओलंपिक संघ के नियमों में साफ लिखा है कि यदि किसी राज्य को राष्ट्रीय खेलों का आयोजन करना है तो स्टेट ओलंपिक संघ से अनुमति लेनी होगी।
पढ़ें : हरियाणा के कर्मचारियों काे बंपर दीपावली तोहफा, सातवां वेतन आयोग लागू
चौटाला ने खुलासा किया कि भारतीय ओलंपिक संघ ने हरियाणा में गठित राज्य खेल परिषद पर कड़ी आपत्ति जताई है। संघ की ओर से सरकार को पत्र लिखकर यह खेल परिषद भंग करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य में जब तक खेल परिषद रहेगी, तब तक हरियाणा को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी नहीं मिल सकेगी। खेलों के लिए हरियाणा ओलंपिक संघ को विश्वास में लेना होगा।
स्पोट्र्स स्कूल राई को बंद किया तो जबरदस्त आंदोलन
अभय चौटाला ने स्पोट्र्स स्कूल राई को बंद करने की आशंका जाहिर करते हुए कहा कि अनिल विज खेल यूनिवर्सिटी बनाने के भ्रम में स्पोट्र्स स्कूल राई को बंद कराने की तैयारी में हैं। यहां गरीब परिवारों के बच्चे सस्ती दरों पर पढ़ते हैं। अगर इस स्कूल को बंद किया गया तो जबरदस्त विरोध किया जाएगा। यदि विज खेल यूनिवर्सिटी बनाना चाहते हैं तो राजीव गांधी एजुकेशन सिटी सोनीपत में बेशुमार जगह पड़ी है, वहां बनाई जा सकती है।
सरकार की फजीहत कराने से बाज आएं विज
अभय चौटाला ने कहा कि विज को किसी अच्छे डाक्टर की जरूरत है। वे मेरे मित्र हैं, लेकिन मुझे यह उम्मीद नहीं थी कि सत्ता में उच्च पद नहीं मिलने की वजह से वे इतने कुंठित हो जाएंगे कि अपनी मर्यादा भी भूलने लगें। चौटाला ने कहा कि विज को हमारी बजाय अपने विभाग और सरकार की कार्य प्रणाली पर ध्यान देना चाहिए। बार-बार अपनी और सरकार की फजीहत कराना उचित नहीं है।
चौटाला खुद नाक रगड़कर प्रधान बने-अनिल विज
खेल मंत्री अनिल विज ने अभय चौटाला पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अभय चौटाला खुद नाक रगड़कर हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष बने हैं। सि चुनाव में जिला संघों को आमंत्रित नहीं किया गया। चौटाला स्वयंभू प्रधान बन गए। नतीजतन चुनाव को मान्यता नहीं दी जा सकती। चौटाला ने चुनाव के लिए भारतीय ओलंपिक संघ के कुछ अधिकारियों की चापलूसी की है। कई जिलों के खेल संघों से उनके पास शिकायतें आई हैं। हम भी भारतीय ओलंपिक संघ और अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक संघ से इस चुनाव की शिकायतें करेंगे। विज ने कहा कि अभय चौटाला फर्जी प्रधान हैं। इस चुनाव को हम चुनौती देंगे।
पढ़ें : हरियाणा में ठेका कर्मचारियों को भी मिलेगा सातवें वेतन आयोग का लागू