इनेलो ने करनाल में दिखाई अपनी ताकत, पंचकूला से पहुंचे हजारों कार्यकर्ता
जागरण संवाददाता, पंचकूला : इंडियन नेशनल लोकदल द्वारा रविवार को करनाल में आयोजित सद्भावना सम्मान समार
जागरण संवाददाता, पंचकूला : इंडियन नेशनल लोकदल द्वारा रविवार को करनाल में आयोजित सद्भावना सम्मान समारोह दिवस में पंचकूला से इनेलो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर दम दिखाया। युवा से लेकर बुजुर्ग और महिलाएं काफी संख्या में रैली में हिस्सा लेने पहुंचीं। पार्टी की जिला प्रधान प्रदीप चौधरी, समाजसेवी कुलभूषण गोयल, शहरी प्रधान एसपी अरोड़ा, जिला संगठन सचिव उमेद सिंह ढुल्ल, प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण आत्रेय, महिला प्रधान सीमा चौधरी, पूर्व पार्षद सुभाष चंद निषाद सहित अन्य पार्टी नेता अपने स्तर पर रैली में लोगों को लेकर पहुंचे। गाड़ियों और बसों में पार्टी के कार्यकर्ता इस रैली में पहुंचे। प्रदीप चौधरी और एसपी अरोड़ा द्वारा शाहबाद के पास कार्यकर्ताओं के सुबह के खाने का भी प्रबंध किया गया था। उमेद सिंह ढुल्ल ने बताया कि पंचकूला से हजारों कार्यकर्ता इस रैली में हिस्सा लेने पहुंचे और उन्होंने पार्टी के नेता अभय सिंह चौटाला, बिहार के सीएम नीतिश कुमार एवं अन्य नेताओं का भाषण सुना। ढुल्ल ने कहा कि आज की रैली से भाजपा नेताओं की हवा गुल हो गई है, क्योंकि भाजपा ने प्रदेश में आपसी भाईचारे को बिगाड़ने की कोशिश की थी, लेकिन इनेलो में सभी बिरादरियों ने हिस्सा लेकर पार्टी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त कर दी। प्रदीप चौधरी एवं एसपी अरोड़ा ने सभी पार्टी वर्करों एवं लोगों का रैली में पहुंचने के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि सीएम के गढ़ में इतनी सफल रैली करने में पंचकूला का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सीमा चौधरी ने भी महिलाओं का आभार व्यक्त किया। रैली में देवी दयाल, राजबाला शर्मा, निर्मला देवी, शरणजीत कौर, कुलजीत कौर, अमरजीत सिंह, विनोद मद्देसिया, महेद्र सिंह भी पहुंचे।