गरीबों को सस्ता व जल्द न्याय दिलाएं अधिवक्ता : मनोहर
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिवक्ताओं से गरीब और जरूरतमंद लोगों को
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिवक्ताओं से गरीब और जरूरतमंद लोगों को सस्ता और जल्द न्याय दिलाने की अपील की है। मुख्यमंत्री मंगलवार को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मुकद्दमेबाजी कम से कम करने में भी विधि क्षेत्र से जुड़े लोग अहम भूमिका निभाएं। उन्होंने बार एसोसिएशन को अपने विवेकाधीन कोष से एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी बार एसोसिएशन की हर संभव सहायता करेगी। मुख्यमंत्री ने बार एसोसिएशन के सदस्य परमवीर सिंह बधरान को आइएएस बनने पर सम्मानित किया। मनोहर ने कहा कि वकीलों को मुवक्किल की पृष्ठभूमि एवं आर्थिक हालत को ध्यान में रखना चाहिए। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एसजे वजीफदार ने मुख्यमंत्री की कार्य प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि सीएम ने लोगों की शिकायतों की सुनवाई के लिए 24 घंटे शिकायत निवारण प्रणाली आरभ की है। इससे पूर्व भी वे मुख्यमंत्री से दो बार मुलाकात कर चुके है और उनकी कार्यशैली से प्रभावित है। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह बराड़ ने मुख्यमंत्री द्वारा हरियाणा के लोगों के हित में उठाए कदमों की सराहना की।