दिल्ली प्रदर्शन में हिस्सेदारी करने पहुंचेंगे हरियाणा के कांग्रेसी
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ : बुधवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में होने व
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ : बुधवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में हरियाणा के कांग्रेसी भी शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर की ओर से पूर्व पदाधिकारियों, पूर्व जिलाध्यक्षों, विधायकों, पूर्व विधायकों, सांसदों, पूर्व सांसदों और चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों को दिल्ली पहुंचने को कहा गया है। राज्य में चूंकि अभी प्रदेश कमेटी की घोषणा नहीं हुई है और हरियाणा बिल्कुल दिल्ली से सटा हुआ है, लिहाजा यहां की भीड़ देश की राजधानी में किसी भी प्रदर्शन को अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकती है। अशोक तंवर के हवाले से प्रवक्ता कुलदीप सोनी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी प्रदर्शन की सूचना दी गई है। कार्यालय से हर विधायक व पूर्व विधायक तथा चुनाव लड़े प्रत्याशियों को सूचना भेजी जा चुकी है। दूसरी तरफ कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने कहा कि यह पार्टी का आयोजन है। कांग्रेस के 25 सांसदों को निलंबित कर लोकतंत्र की हत्या की गई है। इसलिए राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाले बुधवार के प्रदर्शन में सभी को मिलकर हिस्सेदारी करनी चाहिए।
कांग्रेस के दबाव में झुकना पड़ा भाजपा को
कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने एनडीए सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण कानून के महत्वपूर्ण प्रावधानों को वापस लेने के निर्णय को काग्रेस की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह भूमि बिल काग्रेस ने बहुत ही मेहनत और सोच विचार कर तैयार किया था परंतु भाजपा सरकार बड़े उद्योगपतियों और कॉरपोरेट्स के हित में इस बिल में बदलाव लाना चाहती थी। लेकिन ऐसा हो न पाया। काग्रेस जनता और किसानों के साथ खिलवाड़ होते नहीं देख सकती।