अतिथियों के लिए भूख हड़ताल करेंगे कर्मचारी
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ : हरियाणा में नौकरी बचाने की जद्दोजहद कर रहे अतिथि अध्यापकों के समर्थन में सरक
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ : हरियाणा में नौकरी बचाने की जद्दोजहद कर रहे अतिथि अध्यापकों के समर्थन में सरकारी कर्मचारी खुल कर उतर आए हैं। आंदोलनरत शिक्षकों की मांगों को जायज मानते हुए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने 8 जुलाई को सभी जिला मुख्यालयों पर आक्रोश प्रदर्शन का एलान किया है। गेस्ट टीचर्स, कंप्यूटर टीचर्स, कंप्यूटर लैब सहायकों सहित अन्य ठेका कर्मचारियों के प्रति सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में सरकारी कर्मचारी 14 जुलाई को सभी जिला मुख्यालयों के समक्ष 24 घंटे की भूख हड़ताल करेंगे। संघ ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों से किए वादे पूरा करने की बजाय नौकरी से बाहर कर कर्मचारियो को आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर कर रही है। सर्व कर्मचारी संघ के प्रधान धर्मबीर फौगाट, महासचिव सुभाष लांबा, उप महासचिव जीवन सिंह, वरिष्ठ उप प्रधान सरबत पूनिया ने सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर महापड़ाव व आमरण अनशन पर बैठे टीचर्स के आंदोलन को कमजोर करने के लिए कोई दमनात्मक कार्रवाई की गई तो प्रदेश के कर्मचारी एकजुटता के साथ उसका जवाब देंगे।