ओपी सिहाग का स्थानांतरण, सुरेश कुमार नए ईओ
- सिहाग होंगे पानीपत के इओ, राजनीतिक कारणों से हुआ तबादला
जागरण संवाददाता, पंचकूला : नगर निगम पंचकूला के कार्यकारी अधिकारी ओपी सिहाग का हरियाणा सरकार ने स्थानांतरण कर दिया है। सिहाग पिछले ढाई साल से पंचकूला में बतौर ईओ काम कर रहे थे और उन्हें पंचकूला की समस्याओं के बारे में जानकारी था। सिहाग के एकाएक स्थानांतरण के बाद पंचकूला के विकास कार्यो पर फर्क पड़ेगा, क्योंकि इससे पूर्व भी कई बार कार्यकारी अधिकारी का स्थानांतरण हो चुका है, लेकिन वह ठीक ढंग से काम नहीं कर पाते और विकास कार्य ठप पड़ जाते हैं। इसके चलते सरकार ने सिहाग को कई बार पंचकूला में वापस ईओ लगा दिया था। सिहाग नगर निगम से पूर्व नगर परिषद में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं और वह हर सेक्टर एवं गांव की भोगोलिक स्थिति के बारे में जानकारी रखते हैं। सिहाग को अब पानीपत की जिम्मेदारी सौंपी गई है और पानीपत के ईओ सुरेश कुमार अब पंचकूला नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी होंगे।
सूत्रों के अनुसार ओपी सिहाग को राजनैतिक कारणों के चलते स्थानांतरित किया गया है, क्योंकि कुछ राजनैतिक लोग नगर निगम में अपनी मंशाएं पूरी नहीं कर पा रहे थे और पिछले काफी समय से सिहाग को स्थानांतरित करवाने के लिए सरकार में दबाव बनाए हुए थे। आखिरकार सिहाग को स्थानांतरित कर ही दिया गया है।