हरियाणा में आप और जेजेपी के करीबी रिश्ते के संकेत, जींद में दिग्विजय के साथ टीम केजरीवाल
हरियाणा की राजनीति में नए गठबंधन के संकेत मिल रहे हैं। आम आदमी पार्टी और जननायक जनता पार्टी के बीच करीबी रिश्ते राज्य में नया गुल खिला सकते हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। हरियाणा की राजनीति में नया रिश्ते की सुगबुगाहट है। राज्य में आम आदमी पार्टी अौर अजय व दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी के बीच करीबी रिश्ते बन रहे हैं। दाेनों दलों के बीच पक रही सियासी खिचड़ी राज्य की राजनीति में नया गुल खिला सकती है। केजरीवाल और जननायक जनता पार्टी के मुखिया अजय चौटाला पहले भी एक दूसरे के कार्यों की प्रशंसा कर रहे हैं। इसी बीच आप के दिल्ली के दो विधायकों ने अजय चौटाला से भेंट कर इस रिश्ते की पुष्टि सी कर दी है।
इसके साथ ही टीम केजरीवाल के जींद उपचुनाव में जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार और दुष्यंत चौटाला के भाई दिग्विजय चौटाला के समर्थन में मैदान में उतरने के आसार हैं। इससे दिग्विजय चौटाला को उपचुनाव में फायदा होने की उम्मीद है।
जेल से पैरोल पर आए अजय चौटाला के सरेंडर से पहले आम आदमी पार्टी के दो विधायकों ने की मुलाकात
मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री केजरीवाल के दो विश्वासपात्र विधायक सुरेंद्र कमांडो और सुखबीर दलाल नई दिल्ली स्थित 18 जनपथ पर अजय सिंह चौटाला से मिलने पहुंचे। तीनों के बीच करीब एक घंटे तक सियासी चर्चा हुई। राज्य में शिक्षक भर्ती घोटाले में दोषी अजय सिंह चौटाला 10 वर्ष की सजा काट रहे हैं। वह 14 दिन की पैरोल पर बाहर आए थे। मंगलवार शाम इस मुलाकात के बाद ही उन्होंने पैरोल खत्म होने पर तिहाड़ जेल प्रशासन के सामने सरेंडर किया। आप विधायकों के अजय चौटाला से मुलाकात से दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की चर्चा को बल मिला है।
आप के विधायक सुरेंद्र कमांडो ने दुष्यंत को बताया केजरीवाल की तर्ज पर काम करने वाला युवा नेता
आम आदमी पार्टी के विधायक सुरेंद्र कमांडो ने अजय चौटाला से मुलाकात के बाद दुष्यंत चौटाला की प्रशंसा तो की लेकिन अभी दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर कोई टिप्पणी करने से गुरेज किया। हालांकि उन्होंने इससे इंकार नहीं किया कि वे जींद उपचुनाव में प्रचार करने नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का तो कोई उम्मीदवार जींद उपचुनाव लड़ नहीं रहा है मगर वे हरियाणा की जनता के हित में किसी अच्छे उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: गुरमीत पर आफत और हनीप्रीत को मिली राहत, हाईकाेर्ट ने दी जेल में बेहद खास सुविधा
---------
'' मैं और आप विधायक सुखबीर दलाल नई दिल्ली स्थित 18 जनपथ पर जननायक जनता पार्टी के नेता अजय सिंह चौटाला से मिलने गए थे। इस दौरान हमारी पारिवारिक और राजनीतिक चर्चा हुई। हरियाणा में दुष्यंत चौटाला एकदम दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तर्ज पर राजनीति कर रहे हैं। खुद केजरीवाल भी दुष्यंत की प्रशंसा कर चुके हैं। यदि हरियाणा में आम आदमी पार्टी और जननायक जनता पार्टी का चुनावी समझौता होता है तो गठबंधन की राजनीति के दौर में यह हरियाणा की जनता के हित में होगा।
- सुरेंद्र कमांडो, विधायक आम आदमी पार्टी, दिल्ली कैंट।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें