ककराला स्कूल में मनाया वन महोत्सव, डेढ़ सौ पौधे लगाए
संवाद सहयोगी, कनीना : राजकीय उच्च विद्यालय ककराला में त्रिवेणी लगाकर वन महोत्सव मनाया गया। अध्
संवाद सहयोगी, कनीना :
राजकीय उच्च विद्यालय ककराला में त्रिवेणी लगाकर वन महोत्सव मनाया गया। अध्यापकों व छात्रों ने इको क्लब के बैनर तले विद्यालय प्रांगण में पेड़ लगाए। करीब 150 पौधे स्कूल प्रांगण में लगाए गए। मुख्याध्यापक ने छात्रों को अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण को शुद्ध बनाने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में भारती फाउंडेशन का भी सहयोग रहा।
मुख्याध्यापक रवींद्र कुमार ने वन महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पृथ्वी की सुंदरता हरियाली से है और पेड़-पौधों से मानव जाति का अस्तित्व है इसलिए पेड़-पौधों की सुरक्षा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय में साधन सम्पन्न व्यक्ति अधिक से अधिक पौधे लगवाता व उचित पानी की व्यवस्था करवाता था, परंतु आज औद्योगिकीकरण के युग में उल्टा हो रहा है। पेड़ों की सुरक्षा के बजाए उन्हें काटा जाता है। इससे वातावरण में कार्बन डाइआक्साइड, मिथेन व अन्य जहरीली गैसों की मात्रा अत्यधिक बढ़ती जा रही है। दूषित वातावरण के कारण मनुष्य कई प्रकार की बीमारियों से पीड़ित हो रहा है। असमय वर्षा, बाढ़ व सूखे जैसी स्थिति हर वर्ष बन जाती है, जिससे मानव जाति को अनेक प्रकार की समस्याओं से जूझना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अनेक प्रकार के जानलेवा रोगों से छुटकारा पाने के लिए भी पेड़-पौधों के संरक्षण की अति आवश्यकता है। इस मौके पर प्रवक्ता नीना यादव, मिडिल हैड कृष्ण प्रकाश, रामचंद्र, राजपाल, लीलाराम अनिल पीटीआई, बिरमती देवी व मदन लाल शास्त्री आदि उपस्थित थे।